Blog

मा0 जनपद न्यायाधीश द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार हेतु यातायात पुलिस के बाईक रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर 10 सितम्बर, 2026

माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गौतमबुद्धनगर अतुल श्रीवास्तव द्वारा आज आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के जनपद में व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए यातायात पुलिस विभाग की बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। बाइक रैली में 30 बाइक एवं यातायात पुलिस के अधिकारी/कर्मचारी शामिल रहे। रैली दीवानी न्यायालय से एलजी चौक, जगतफार्म होते हुए परीचौक तक निकाली गई। इस दौरान पेम्प्लेट वितरित कर जनसामान्य को आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में जानकारी देते हुए अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए जागरूक किया गया।

राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 12 सितम्बर 2026 (द्वितीय शनिवार) को प्रातः 10 बजे से जनपद मुख्यालय एवं समस्त तहसील न्यायालयों में किया जाएगा। माननीय जनपद न्यायाधीश ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न प्रकार के वादों का निस्तारण आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर किया जाएगा। इसके अंतर्गत मोटर वाहन चालान, मोटर दुर्घटना प्रतिकर अधिनियम के वाद, वैवाहिक वाद, भारतीय उत्तराधिकार अधिनियम के वाद, दीवानी वाद, एनआई एक्ट एवं ई-चालान के वाद, आर्बिट्रेशन के वाद, लघु शमनीय वाद (Petty Cases), एनआई एक्ट की धारा 138 के वाद, विद्युत अधिनियम के वाद, भू-राजस्व के वाद सहित अन्य प्रकृति के मामलों का निस्तारण किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त सेवा संबंधी मामले, पेंशन के मामले, श्रम से संबंधित प्रकरण तथा प्री-लिटिगेशन स्तर पर बैंक ऋण, विद्युत एवं बीएसएनएल के टेलीफोनिक बिल से संबंधित प्रकरणों का भी आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
माननीय जनपद न्यायाधीश द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे अपने लंबित मामलों के त्वरित एवं सुलभ निस्तारण के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिकाधिक लाभ उठाएं। जनसामान्य की सुविधा के लिए टेली सेवा भी संचालित की गई है। किसी भी जानकारी अथवा सहायता के लिए जनसामान्य मोबाइल नंबर 7678643985 पर संपर्क कर सकते हैं।
इस अवसर पर अपर जिला जज प्रथम सुनील कुमार, अपर जिला जज/विशेष न्यायाधीश (एस.टी. एक्ट.) एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत सोमप्रभा मिश्रा, प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विरेक अग्रवाल सहित अन्य सम्मानित न्यायिक अधिकारीगण तथा यातायात पुलिस विभाग की ओर से एसीपी पवन कुमार, ट्रैफिक इंस्पेक्टर प्रफुल्ल श्रीवास्तव, इंस्पेक्टर सूरजपुर संजीव उज्जवल तथा बड़ी संख्या में सहयोगी पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button