वॉलीबॉल के मैदान में एम.एच. पब्लिक स्कूल का दबदबा, अंडर-17 में चैंपियन तो अंडर-14 में उपविजेता बनकर रचा इतिहास
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

सीबीएसई क्लस्टर XIX वॉलीबॉल प्रतियोगिता में बादलपुर के खिलाड़ियों ने लहराया परचम, विद्यालय में खुशी की लहर
बादलपुर, गौतमबुद्धनगर। प्रतिभा, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के दम पर एम.एच. पब्लिक स्कूल, बादलपुर के होनहार खिलाड़ियों ने खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद स्थित जमदानी पब्लिक स्कूल, लक्सर में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर XIX वॉलीबॉल प्रतियोगिता में विद्यालय की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए

दोहरी सफलता हासिल की है। विद्यालय की अंडर-17 बालक टीम ने चैंपियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि अंडर-14 बालक टीम उपविजेता रही। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल है।

विद्यालय के संयोजक संजय गोयल ने बताया कि प्रतियोगिता में एम.एच. पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, अनुशासन और अदम्य जुझारूपन का परिचय दिया। अंडर-17 बालक वर्ग में टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, अंडर-14 बालक वर्ग की टीम ने भी शानदार मुकाबलों के दम पर द्वितीय स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय ट्रस्ट के डायरेक्टर दिनेश गुप्ता एवं कविता गुप्ता ने सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी निर्माण करते हैं।

विद्यालय प्रबंधन ने इस दोहरी सफलता का श्रेय कोच संतोष बैसौया के कुशल मार्गदर्शन, खिलाड़ियों के अथक परिश्रम, नियमित अभ्यास और अभिभावकों के सहयोग को दिया। विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं स्टाफ ने भी खिलाड़ियों और प्रशिक्षक को बधाई देते हुए भविष्य में इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
एम.एच. पब्लिक स्कूल की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया कि ग्रामीण अंचल की प्रतिभाएं भी उचित मार्गदर्शन, अवसर और मेहनत के बल पर बड़े मंचों पर अपनी विशिष्ट पहचान बना सकती हैं।









