जिला निर्वाचन अधिकारी ने कलेक्ट्रेट स्थित वेयरहाउस में एफएलसी कार्यों का लिया जायजा
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर 05 सितंबर, 2026
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने आज कलेक्ट्रेट परिसर स्थित वेयरहाउस में फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने वेयरहाउस में चल रही एफएलसी प्रक्रिया का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से अब तक की गई कार्रवाई के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत ब्रीफिंग आयोजित की गई। संबंधित अधिकारियों ने प्रतिनिधियों को एफएलसी प्रक्रिया के तहत मशीनों की जांच से संबंधित निर्धारित व्यवस्थाओं की जानकारी दी। विभिन्न प्रतिनिधियों द्वारा प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी भी प्राप्त की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया एवं प्रोटोकॉल के अनुसार सभी कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ कराए जाएं। उन्होंने कहा कि एफएलसी के दौरान राजनीतिक दलों को आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने वेयरहाउस में सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने तथा सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एफएलसी की प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में सुचारु रूप से पूरी की जाए, ताकि निर्वाचन संबंधी तैयारियां समय से पूर्ण हो सकें।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी से जिला कोषाध्यक्ष अश्वनी गोयल, बूथ अध्यक्ष मानिक चंद शर्मा, समाजवादी पार्टी से उपाध्यक्ष कपिल सैफी, बहुजन समाज पार्टी से जिला सचिव डॉ रविन्द्र तोमर, जिला कोषाध्यक्ष इंसाद अली, अनील कुमार सहित अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरूण कुमार, संबंधित अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।









