Blog

जनपद की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर 18 जुलाई, 2026

शासन की मंशा के अनुरूप जनसामान्य की शिकायतों के त्वरित, प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण के उद्देश्य से आज जनपद गौतमबुद्धनगर की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 164 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने तहसील जेवर पहुंचकर जीर्णोद्धार एवं सौन्दर्यीकरण सभागार का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके उपरांत उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए आमजन की समस्याएं सुनीं। जेवर तहसील में कुल 75 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 04 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर शिकायतों की निष्पक्ष जांच करें तथा शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट करते हुए गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी रजनीकांत मित्तल, प्रभारी जिला विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, तहसीलदार जेवर प्रतीक चौहान, एसीपी जेवर राजीव कुमार सिसोदिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इसी क्रम में दादरी तहसील में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 85 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 06 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। सदर तहसील में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 04 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 02 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

Related Articles

Back to top button