मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की जिला स्तरीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर, 30 सितंबर 2026
मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार, गौतम बुद्ध नगर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की जिला स्तरीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपदवासियों को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना रहा।

बैठक में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश कुमार मिश्रा एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी द्वारा हाल के दिनों में खाद्य सुरक्षा को लेकर की गई प्रवर्तन कार्यवाहियों, निरीक्षणों एवं सैंपलिंग अभियान की विस्तृत जानकारी मुख्य विकास अधिकारी को उपलब्ध कराई गई।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर खाद्य एवं पेय पदार्थों की सघन सैंपलिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रयोगशाला जांच में यदि किसी नमूने में मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करते हुए जुर्माना एवं अन्य दंडात्मक प्रावधान तत्काल प्रभाव से लागू किए जाएं।
मुख्य विकास अधिकारी ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में संचालित सभी खाद्य प्रतिष्ठानों, रेस्टोरेंट, ढाबों, स्कूलों, कॉलेजों एवं छात्रावासों की कैंटीनों का नियमित एवं आकस्मिक निरीक्षण कराया जाए, ताकि आमजन को निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
इसके साथ ही मुख्य विकास अधिकारी ने फूड फोर्टिफिकेशन, रीयूज्ड कुकिंग ऑयल के सुरक्षित निस्तारण तथा शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थों के उपयोग से संबंधित विषयों पर विस्तृत एडवाइजरी तैयार कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए, जिससे आमजन में खाद्य सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाई जा सके।
बैठक में औषधि निरीक्षक द्वारा जनपद में मानकों के अनुरूप दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए की गई कार्यवाहियों की जानकारी प्रस्तुत की गई। समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने ब्लड बैंक, मेडिकल स्टोर्स, दवा निर्माण इकाइयों एवं कॉस्मेटिक उत्पादों की नियमित एवं प्रभावी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित औषधियां उपलब्ध कराई जा सकें।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए पूर्ण सक्रियता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि जनपदवासियों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य व पेय पदार्थों के साथ गुणवत्तापूर्ण औषधियां उपलब्ध कराई जा सकें।
इस अवसर जिला पूर्ति अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, औषधि निरीक्षक, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









