मा० राज्य मंत्री, लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश/प्रभारी मंत्री गौतमबुद्धनगर की अध्यक्षता में कानून व्यवस्था, राजस्व एवं मा० मुख्यमंत्री जी के विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक संपन्न
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर 19 नवम्बर, 2026
मा० राज्य मंत्री, लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश एवं जनपद प्रभारी मंत्री गौतमबुद्धनगर बृजेश सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कानून व्यवस्था, राजस्व एवं मा० मुख्यमंत्री जी के विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

इस दौरान मा० प्रभारी मंत्री जी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी योजनाओं एवं विकास कार्यों का प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि उनका लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच सके।
समीक्षा बैठक में राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए मा० मंत्री जी ने निवास, आय एवं जाति प्रमाण पत्र सहित आमजन से जुड़ी विभिन्न राजस्व सेवाओं को पारदर्शी, सरल एवं समयबद्ध बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि राजस्व सेवाओं का सीधा संबंध आम नागरिकों से है, इसलिए इनके निस्तारण में अनावश्यक विलंब न हो और प्रत्येक पात्र व्यक्ति को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण सेवा उपलब्ध कराई जाए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान गोल्डन कार्ड निर्माण, नियमित टीकाकरण, एम्बुलेंस सेवाओं तथा स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की गई। मा० मंत्री जी ने निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनाए जाएं तथा शासन की स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए। साथ ही सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता एवं उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

कृषि एवं सहकारिता विभाग की समीक्षा करते हुए मा० मंत्री जी ने किसानों की आवश्यकता के अनुरूप उर्वरकों एवं गुणवत्तापूर्ण बीजों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को कृषि संबंधी संसाधनों की उपलब्धता में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सिंचाई व्यवस्था की समीक्षा के दौरान नहरों में टेल तक पानी पहुंचाने पर विशेष जोर देते हुए निर्देशित किया कि सिंचाई के लिए किसानों को पर्याप्त एवं सुचारु जलापूर्ति उपलब्ध कराई जाए, जिससे कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिल सके।
लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत जनपद में संचालित सड़क निर्माण, मरम्मत एवं चौड़ीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। मा० मंत्री जी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क व्यवस्था किसी भी क्षेत्र के विकास एवं निवेश को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। वहीं, जल जीवन मिशन ग्रामीण एवं शहरी की समीक्षा करते हुए प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लक्ष्य को प्राथमिकता से पूरा करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान मा० मंत्री जी ने जनपद में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से प्राप्त विद्युत संबंधी प्रस्तावों एवं समस्याओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उद्योग विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने निवेश संबंधी एमओयू को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया में तेजी लाने, लंबित निवेश परियोजनाओं को शीघ्र गति प्रदान करने तथा औद्योगिक विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने पर जोर दिया। साथ ही बैंकर्स समिति की बैठकों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिल सके। इस क्रम में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना एवं एक जनपद एक उत्पाद प्रशिक्षण टूल किट योजना की समीक्षा करते हुए मा० मंत्री जी ने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं एवं पारंपरिक कारीगरों को स्वरोजगार से जोड़ने वाली योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति इनका लाभ उठा सकें।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान स्कूल चलो अभियान, पीएम कंपोजिट विद्यालय, शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत प्रवेश प्रक्रिया तथा प्रोजेक्ट अलंकार के तहत विद्यालयों में विकसित की जा रही आधारभूत सुविधाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की गई। मा० प्रभारी मंत्री जी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। विद्यालयों में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के विकास एवं शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाए।
पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान गौशालाओं के सुव्यवस्थित संचालन, निराश्रित गोवंश के संरक्षण एवं उनके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही डॉग शेल्टर की व्यवस्थाओं को भी बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। वन विभाग की समीक्षा करते हुए मा० मंत्री जी ने वृक्षारोपण एवं पौध संरक्षण कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर संचालित करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति आमजन को जागरूक कर इसे जनभागीदारी से जनआंदोलन का स्वरूप देने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी, जिला पूर्ति विभाग, पर्यटन विभाग, उद्यान विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, महिला कल्याण विभाग, समाज कल्याण विभाग, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, श्रम विभाग, पंचायती राज विभाग, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, नगर विकास विभाग, भूगर्भ जल विभाग, अतिरिक्त ऊर्जा विभाग एवं नियोजन विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
मा० प्रभारी मंत्री जी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में आपसी समन्वय एवं जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद बनाए रखें। जनप्रतिनिधियों द्वारा क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान संज्ञान में लाई गई समस्याओं एवं दिए गए सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कार्ययोजनाओं में सम्मिलित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप सभी विभाग जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
बैठक में कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मा० मंत्री जी ने पुलिस अधिकारियों को जनपद में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना मजबूत करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि विकास और सुशासन के लिए सुरक्षित वातावरण अत्यंत आवश्यक है, इसलिए कानून व्यवस्था से जुड़े सभी अधिकारी पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने मा० प्रभारी मंत्री जी को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। साथ ही जनपद में संचालित विकास परियोजनाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए उनके क्रियान्वयन में और तेजी लाई जाएगी।
बैठक में माननीय सांसद डॉ. महेश शर्मा, माननीय विधायक दादरी तेजपाल नागर, माननीय विधायक जेवर धीरेंद्र सिंह, जिला पंचायत प्रशासक अमित चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, अन्य जनप्रतिनिधिगण, एसीईओ ग्रेटर नोएडा प्रेरणा सिंह, एसीईओ पुष्पराज सिंह, ज्वाइंट सीपी संकल्प शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन त्रिपाठी, प्रभारी जिला विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।









