गांधी जयंती पर ‘मौन उपवास’ से उठेगी UGC RollBack की आवाज, सूरजपुर कलेक्ट्रेट पर कल बड़ी संख्या में “मौन उपवास” रखेंगे लोग
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

– सुबह 10 बजे राष्ट्रगान के साथ शुरू होगा मौन उपवास, दोपहर 2 बजे राष्ट्रपति के नाम सौंपेंगे ज्ञापन; आरक्षण और SC/ST Act में कानूनी संशोधन की भी उठेगी मांग
ग्रेटर नोएडा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर शुक्रवार, 2 अक्टूबर को सवर्ण स्वाभिमान मंच, गौतमबुद्धनगर के तत्वावधान में जिला मुख्यालय सूरजपुर में “मौन उपवास” आयोजित किया जाएगा। मंच की ओर से UGC RollBack तथा आरक्षण व्यवस्था एवं SC/ST Act में कानूनी संशोधन की मांग उठाई जाएगी। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से सामाजिक एवं प्रबुद्ध लोगों के शामिल होने की बात कही गई है।
मौन उपवास की शुरुआत प्रातः 10 बजे राष्ट्रगान के साथ होगी। इसके बाद कार्यक्रम में शामिल लोग मौन रखकर अपनी मांगों के समर्थन में उपवास करेंगे। दोपहर 2 बजे जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
सवर्ण स्वाभिमान मंच के संयोजक कपिल शर्मा एडवोकेट ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और शांतिपूर्ण आंदोलन को जनांदोलन का प्रभावी माध्यम बनाया। उनका कहना है कि कई बार मौन विरोध भी सड़क पर किए जाने वाले आंदोलनों से अधिक प्रभावशाली तरीके से अपनी बात सामने रख सकता है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए गांधी जयंती के अवसर पर मौन उपवास का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य शांतिपूर्ण और गांधीवादी तरीके से अपनी मांग सरकार तक पहुंचाना है। जिले भर से सामाजिक एवं प्रबुद्ध लोग कार्यक्रम में शामिल होकर मौन के माध्यम से UGC RollBack की मांग को बल देंगे।”
किसी जाति या धर्म के खिलाफ नहीं आंदोलन : कपिल शर्मा
कपिल शर्मा ने स्पष्ट किया कि मंच का आंदोलन किसी जाति, धर्म अथवा संप्रदाय के खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा कि मंच आरक्षण व्यवस्था में कानूनी बदलाव करते हुए आरक्षण का आधार जाति के बजाय आर्थिक स्थिति को बनाए जाने की मांग कर रहा है। जिसके चलते मौन उपवास के इस कार्यक्रम में उन सभी लोगों को भी आमंत्रित किया गया है जो आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग का समर्थन करते हैं। चाहे वह किसी भी जाति अथवा धर्म से संबंध रखते हों।
उन्होंने UGC के 2026 के नए प्रावधानों को लेकर भी मंच की आपत्ति दोहराई। शर्मा ने दावा किया कि इन प्रावधानों से समाज में भेदभाव बढ़ने की आशंका है और सामान्य वर्ग के हितों की पर्याप्त सुरक्षा नहीं होती। इसी आधार पर मंच इन प्रावधानों को वापस लिए जाने यानी “UGC RollBack” की मांग कर रहा है।
इसके साथ ही मंच की ओर से SC/ST Act में कानूनी संशोधन की मांग भी ज्ञापन में शामिल की जाएगी।
कपिल शर्मा ने कहा कि पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण, संवैधानिक और गांधीवादी तरीके से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सामाजिक एवं प्रबुद्ध लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।









