Blog

योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माताजी को दी श्रद्धांजलि, वेद नागर

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

दादरी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माताजी के निधन पर दादरी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा नेता एवं गौ रक्षा हिंदू दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष वेद नागर के नेतृत्व में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों लोगों ने उपस्थित होकर दिवंगत पुण्यात्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।

इस दौरान वेद नागर ने कहा कि उनका महंत योगी आदित्यनाथ जी से वर्ष 2009 से जुड़ाव रहा है। वे लंबे समय से उनकी विचारधारा, राष्ट्रवाद, सनातन संस्कृति और गौ सेवा के विचारों को क्षेत्र के प्रत्येक कोने तक पहुंचाने का प्रयास करते आ रहे हैं।

वेद नागर ने कहा कि योगी आदित्यनाथ जी का जीवन त्याग, तपस्या, अनुशासन और धर्म के प्रति अटूट समर्पण का अद्भुत उदाहरण है। जब से उन्होंने अपने जीवन की जिम्मेदारी संभाली, तब से लेकर आज मुख्यमंत्री के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर पहुंचने तक उनकी विचारधारा और सिद्धांतों में कोई बदलाव नहीं आया। मुख्यमंत्री होने के साथ-साथ वे गोरक्षपीठाधीश्वर के रूप में भी अपनी आध्यात्मिक जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। इतने बड़े पद पर पहुंचने के बाद भी उन्होंने कभी सनातन धर्म, गौ माता और अपनी सांस्कृतिक विचारधारा से समझौता नहीं किया।

उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माताजी को नमन है, जिन्होंने ऐसे महान तपस्वी, राष्ट्रसेवक और सनातन धर्म के सच्चे प्रहरी को जन्म दिया। भगवान से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें।

वेद नागर ने भावुक होते हुए कहा कि हर मां की कोख से योगी आदित्यनाथ जी जैसे बेटे का जन्म हो, जो सनातन धर्म, गंगा, गीता, गौ माता, मठ-मंदिर और राष्ट्र की संस्कृति की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ा रहे। आज देश को ऐसे ही संस्कारवान और धर्मनिष्ठ युवाओं की आवश्यकता है।

उन्होंने राजनीतिक क्षेत्र में कार्य करने वाले जनप्रतिनिधियों को भी संदेश देते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ जी का जीवन सत्ता को सेवा और त्याग का माध्यम बनाने की प्रेरणा देता है। दस वर्षों तक मुख्यमंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद पर रहने के बावजूद उनके सादगीपूर्ण और त्यागमय जीवन की चर्चा पूरे देश में होती है। यही सच्चा त्याग है। पद और प्रतिष्ठा से बड़ा व्यक्ति का चरित्र, सिद्धांत और राष्ट्र एवं धर्म के प्रति समर्पण होता है।

वेद नागर ने कहा कि यदि त्याग, तपस्या और सिद्धांतों पर अडिग रहने वाले व्यक्तित्व का उदाहरण देना हो तो योगी आदित्यनाथ जी का नाम सबसे अग्रणी उदाहरणों में लिया जाएगा। वे वर्ष 2009 से आज तक उन्हीं विचारों के साथ उनसे प्रेरणा लेते हुए सनातन धर्म और गौ सेवा के कार्यों में निरंतर सक्रिय हैं।

अंत में वेद नागर ने उपस्थित सभी लोगों के साथ दिवंगत माताजी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए भगवान एवं गौ माता से प्रार्थना की कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। साथ में पंडित कोशल जी शास्त्री अमित सिंह पुष्कर रावत अशोक भाटी बंटी गूजर सुरेन्द्र नागर मुन्ना नागर योगी पंडित समेत सैकड़ों लोग शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button