सेवा संकल्प अभियान के तहत कृषि विज्ञान केंद्र, छौलस में हुआ मिलेट्स किसान मेला का भव्य आयोजन
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर 18 सितम्बर, 2026
उप कृषि निदेशक गौतमबुद्धनगर विवेक दुबे ने बताया कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कृषि विभाग द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन (न्यूट्रीसीरियल्स) के तहत एक दिवसीय जनपद स्तरीय मिलेट्स किसान महोत्सव का आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र, छौलस, गौतमबुद्धनगर में भव्य रूप से किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को कृषि कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ श्री अन्न (मिलेट्स) की वैज्ञानिक खेती, प्रसंस्करण एवं विपणन के प्रति प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय विधायक दादरी तेजपाल सिंह नागर एवं मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी सहित उप कृषि निदेशक एवं कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर केंद्र के प्रभारी अधिकारी डॉ. विपिन कुमार, डॉ. मोहन सिंह, डॉ. विनीता सिंह, डॉ. बोनिका पंत, कुंवर घनश्याम, आशु अरोड़ा एवं राजीव कुमार सिरोही सहित केंद्र के समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि द्वारा भारतीय संस्कृति के अनुरूप गौ-माता का विधि-विधान से पूजन कर उन्हें गुड़ खिलाया गया। इसके उपरांत ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत केंद्र परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। माननीय विधायक एवं अन्य अतिथियों ने स्वयं श्रमदान करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया तथा उपस्थित किसानों एवं स्टाफ को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प दिलाया।
किसान मेले में आधुनिक कृषि तकनीकों एवं मिलेट्स आधारित उत्पादों की प्रदर्शनी केंद्र परिसर में आधुनिक कृषि यंत्रों, जैविक उत्पादों तथा विशेष रूप से मिलेट्स (श्री अन्न) आधारित उत्पादों के स्टॉल लगाए गए। माननीय विधायक एवं मुख्य विकास अधिकारी ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर किसानों के हित में किए जा रहे अभिनव प्रयासों की जानकारी प्राप्त की तथा विभागीय प्रयासों की सराहना की।
किसान गोष्ठी के दौरान उप कृषि ने अतिथियों एवं किसानों का स्वागत करते हुए कृषि विभाग की उपलब्धियों एवं संचालित योजनाओं की जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को ज्वार, बाजरा, रागी आदि पोषक अनाजों की वैज्ञानिक खेती, उन्नत उत्पादन तकनीक, प्रसंस्करण एवं विपणन से संबंधित महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारी प्रदान की गई। किसानों को श्री अन्न की खेती के माध्यम से आय में वृद्धि तथा पोषण सुरक्षा को बढ़ावा देने के संबंध में भी जागरूक किया गया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सायंकाल केंद्र परिसर में 1100 दीपकों का सामूहिक प्रज्वलन किया गया। कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा दीपकों के माध्यम से ‘सेवा संकल्प अभियान’ का संदेश प्रदर्शित किया गया। दीपों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा तथा यह आयोजन ‘विकसित भारत’ के संकल्प को समर्पित रहा।
मिलेट्स किसान महोत्सव में जनपद के लगभग 517 प्रगतिशील किसानों, ग्रामीण महिलाओं, कृषि विभाग के अधिकारियों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को श्री अन्न की खेती को बढ़ावा देने, आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने तथा कृषि उत्पादों के बेहतर प्रसंस्करण एवं विपणन के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उप कृषि निदेशक विवेक दुबे द्वारा मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, वैज्ञानिकों, अधिकारियों एवं उपस्थित समस्त कृषकों का आभार व्यक्त किया गया।









