Blog

तिलपता में जलभराव, गंदगी, खराब सड़क और कंटेनर डिपो से जाम व दुर्घटनाओं की समस्या को लेकर एसडीएम दादरी को सौंपा ज्ञापन

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

 

ग्रेटर नोएडा। ग्राम तिलपता में लंबे समय से चली आ रही जलभराव, गंदगी, सड़क की खराब स्थिति तथा कंटेनर डिपो के कारण लगने वाले जाम और सड़क दुर्घटनाओं की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों एवं भारतीय किसान यूनियन मंच के पदाधिकारियों ने दादरी एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।

इस दौरान अक्षय मुखिया, जिलाध्यक्ष तिलपता, भारतीय किसान यूनियन मंच ने बताया कि ग्रामीण पिछले करीब पांच वर्षों से लगातार जनप्रतिनिधियों एवं ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को ज्ञापन और शिकायतों के माध्यम से इन समस्याओं से अवगत कराते आ रहे हैं, लेकिन आज तक समस्याओं का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

उन्होंने कहा कि दिनांक 20 सितंबर 2026 को ग्राम तिलपता के कंटेनर डिपो के गेट पर ग्रामीणों एवं भारतीय किसान यूनियन मंच द्वारा लोकतांत्रिक तरीके से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक धरना जारी रखने का निर्णय लिया गया है।

मास्टर मनमिंदर भाटी, श्यौराजपुर, राष्ट्रीय महासचिव, भारतीय किसान यूनियन मंच ने कहा कि ग्राम तिलपता में लंबे समय से विभिन्न गंभीर समस्याएं बनी हुई हैं। इन समस्याओं के कारण ग्रामीणों के साथ-साथ आसपास के गांवों एवं क्षेत्र से प्रतिदिन आने-जाने वाले हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल तिलपता गांव की समस्या नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लोगों से जुड़ी समस्या है।

सोनू भाटी, तिलपता, जिला उपाध्यक्ष ने बताया कि गांव में स्थित बड़े कंटेनर डिपो के कारण प्रतिदिन भारी वाहनों का आवागमन रहता है। इसके चलते मुख्य मार्ग पर लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है। यह मार्ग दादरी, गाजियाबाद, सिकंदराबाद, ग्रेटर नोएडा एवं नोएडा को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे, जलभराव और अव्यवस्थित यातायात के कारण आवागमन प्रभावित होता है तथा सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

अनिल भाटी, तिलपता ने बताया कि गांव में जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण जगह-जगह जलभराव एवं गंदगी की स्थिति बनी हुई है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और साफ-सफाई तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की आशंका बनी रहती है।

दिनेश प्रधान ने कहा कि इन समस्याओं को लेकर ग्रामीणों में काफी रोष है। लंबे समय से शिकायतें एवं ज्ञापन देने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं होने के कारण अब ग्रामीणों ने लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने का निर्णय लिया है।

श्यामबाबू आर्य, तिलपता ने कहा कि ग्रामीणों के पास आंदोलन के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि यह केवल हमारे गांव की समस्या नहीं, बल्कि आसपास के कई गांवों और पूरे क्षेत्र के लोगों की समस्या है।

भारतीय किसान यूनियन मंच ने प्रशासन एवं संबंधित विभागों से मांग की कि जलभराव एवं जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान, सड़कों की मरम्मत, गंदगी की सफाई, यातायात व्यवस्था में सुधार तथा कंटेनर डिपो के कारण उत्पन्न जाम एवं दुर्घटनाओं की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए।

इस मौके पर शोबी भाटी,विकास प्रधान,राजेश पायलट,सुधीर भाटी, दीपक शर्मा,सुनील साहब, सुनील भाटी, मनोज शाह जी,जित्ती भाटी, भुप्पे नेता जी,बिज्जी भाटी, सचिन भाटी,रोहित भाटी,विनोद यादव राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, चिंकू यादव युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष, विक्रान्त भाटी, सागर नंबरदार, अजब सिंह भाटी, अब्दुल कादिर, सोनू यादव बिसरख, ललित गौतम, अजय नागर, करन भनौता, रामनिवास यादव सहित अन्य ग्रामीण एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button