Blog

जनपद वासियों को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने हेतु जनपद का खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग एक्शन में

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतम बुद्ध नगर, 18 जून 2026

जनपद वासियों को शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के हेतु आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश लखनऊ तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारीगण गुणवत्ता युक्त दूध एवं दूध उत्पादों की उपलब्ध सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अभियान चलाकर नमूने जांच हेतु संग्रहित कर रहे हैं।

इसी श्रृंखला में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि आम जनमानस को शुद्ध व गुणवत्ता युक्त दूध एवं दूध उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित कराए जाने हेतु आज खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा हबीबपुर ग्रेटर नोएडा स्थित कांटिनेंटल मिल्कोज इंडिया प्रा0लि0 दूध पैकिंग इकाई से गाय के दूध का एक नमूना लिया गया। सुरक्षा अधिकारी विजय बहादुर पटेल एवं रविंद्र नाथ वर्मा की टीम द्वारा फेस 2 नोएडा स्थित सोवेंस फॉर्मेज डेरी इंडिया प्रा0लि0 से मक्खन का 01 नमूना, प्रोसेस्ड चीज़ स्प्रेड के 02 नमूने एवं चीज का 01 नमूना लिया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज द्वारा सेक्टर 45 नोएडा स्थित डाबर डेरी से पनीर का 01 नमूना लिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रितु सक्सेना द्वारा सेक्टर 68 नोएडा स्थित ऑर्गेनिक्ट फ्रेश प्रा0लि0 से पिज़्ज़ा सॉस का 01 नमूना लिया गया। इस प्रकार कुल 07 नमूनें विभिन्न प्रतिष्ठानों से लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला प्रेषित किये जा रहे हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने बताया कि आगे भी इसी प्रकार जांच अभियान संचालित करते हुए नमूने संग्रहित करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जनपद वासियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध हो सके।

Related Articles

Back to top button