Blog

मा0 मुख्यमंत्री जी की अध्यक्षता में अल्प आय वर्ग के 4.60 लाख छात्र-छात्राओं को 148 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति का अंतरण कार्यक्रम संपन्न

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर, 03 अक्टूबर 2026

उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की अध्यक्षता में शनिवार को लोक भवन सभागार, लखनऊ में अल्प आय वर्ग के पूर्वदशम एवं दशमोत्तर कक्षाओं के 4.60 लाख छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में 148 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति धनराशि का अंतरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी जी के नेतृत्व में जनपद गौतमबुद्धनगर में भी प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम की भांति जनपद स्तरीय कार्यक्रम मुख्य आयोजन पब्लिक इंटर कॉलेज, जहाँगीरपुर में किया गया तथा जनपद के अन्य स्कूलों एवं कॉलेज में भी किया गया, कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा लखनऊ में माननीय मुख्यमंत्री जी की अध्यक्षता में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण देखा एवं सुना गया।

प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के दौरान छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में सीधे हस्तांतरित की गई। इससे विद्यार्थियों को शासन द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ सीधे एवं पारदर्शी तरीके से प्राप्त हुआ।
जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा छात्र-छात्राओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने पात्र विद्यार्थियों से योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त कर समय से आवेदन करने तथा शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। साथ ही छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति के प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश कुमार सिसोदिया ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद गौतमबुद्धनगर में अन्य पिछड़ा वर्ग के कक्षा 09 एवं 10 के 75 छात्र-छात्राओं को 1,68,000 रुपये, कक्षा 11 एवं 12 के 52 छात्र-छात्राओं को 1,68,236 रुपये की छात्रवृत्ति धनराशि हस्तांतरित की गई। इसी प्रकार जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि अनुसूचित जाति वर्ग के कक्षा 09 एवं 10 के 127 छात्र-छात्राओं को 1,77,800 रुपये, सामान्य वर्ग के कक्षा 09 एवं 10 के 41 छात्र-छात्राओं को 1,23,000 रुपये तथा अल्पसंख्यक वर्ग के कक्षा 09 एवं 10 के 24 छात्र-छात्राओं को 72,000 रुपये की छात्रवृत्ति धनराशि उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की गई।
कार्यक्रम में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश कुमार सिसोदिया, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, प्रधानाचार्य पब्लिक इंटर कॉलेज जहाँगीरपुर कुलभूषण शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button