Blog

मा0 सांसद डॉ. महेश शर्मा की अध्यक्षता में संसद सदस्य सड़क सुरक्षा एवं विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर, 01 अगस्त 2026

जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, सुरक्षित एवं आधुनिक बनाने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में माननीय सांसद डॉक्टर महेश शर्मा जी की अध्यक्षता में संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति एवं जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित हुई।

बैठक के दौरान मा0 सांसद ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। सुरक्षित सड़कें, अनुशासित यातायात और जागरूक नागरिक ही दुर्घटनाओं को कम करने का सबसे प्रभावी माध्यम बन सकते हैं।
बैठक में मा0 सांसद ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा तथा यमुना सिटी क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक दबाव, परी चौक सहित विभिन्न प्रमुख चौराहों पर लगने वाले जाम तथा यातायात प्रबंधन की चुनौतियों पर विशेष चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों को दीर्घकालिक एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट की ओर जाने वाले मार्गों पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है, इसलिए पहले से ही ट्रैफिक डायवर्जन एवं नियंत्रण की समुचित व्यवस्था तैयार रखी जाए। उन्होंने कमर्शियल वाहनों के शहर में प्रवेश के लिए समय सारणी निर्धारित करने, निर्माण कार्यों में लगे ऐसे भारी वाहनों के विरुद्ध संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए जो सड़कों पर धूल उड़ाकर प्रदूषण फैलाते हैं और दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं। उन्होंने पुलिस एवं परिवहन विभाग को समन्वय स्थापित करते हुए विशेष अभियान संचालित करने तथा आधुनिक ट्रैफिक प्रबंधन प्रणाली अपनाने के निर्देश भी दिए। मा0 सांसद ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों का नियमित विश्लेषण किया जाए, दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों की वैज्ञानिक पहचान कर स्थायी समाधान लागू किए जाएं ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
बैठक में जनपद के चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर किए गए सुधार कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। मा0 सांसद ने संबंधित प्राधिकरणों, एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी एवं अन्य एजेंसियों को निर्देशित किया कि जिन ब्लैक स्पॉट्स पर अभी सुधार कार्य शेष हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ब्लैक स्पॉट पर वैज्ञानिक ढंग से स्पीड ब्रेकरों का निर्माण, रिफ्लेक्टिव चेतावनी संकेतक, दिशा सूचक बोर्ड, स्पष्ट रोड मार्किंग, प्रभावी ट्रैफिक सिग्नल, पर्याप्त स्ट्रीट लाइटिंग, सुरक्षा बैरियर तथा सीसीटीवी कैमरों की स्थापना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक स्थल पर कराए गए कार्यों का नियमित निरीक्षण एवं भौतिक सत्यापन कराया जाये। मा0 सांसद ने परिवहन विभाग को यह भी निर्देशित किया कि ऐसा प्रभावी डिजिटल एवं जनसहभागिता आधारित मॉड्यूल विकसित किया जाये, जिसके माध्यम से आम नागरिक सड़क सुरक्षा से संबंधित समस्याओं, सुझावों एवं दुर्घटना संभावित स्थलों की जानकारी सीधे संबंधित विभागों तक पहुंचा सकें। उन्होंने कहा कि जनता की सहभागिता से सड़क सुरक्षा अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
बैठक में विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था की भी बिंदुवार समीक्षा की गई। मा0 सांसद डॉ. ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद में संचालित सभी विद्यालय वाहनों की विशेष फिटनेस जांच अभियान चलाकर जांच की जाए तथा प्रत्येक वाहन में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, आपातकालीन निकास व्यवस्था, प्रशिक्षित चालक एवं सहायक स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही वाहन चालकों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए तथा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन विद्यालयों अथवा वाहन संचालकों द्वारा सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जाएगी, उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से विद्यालय प्रबंधन के साथ नियमित संवाद स्थापित करने तथा समय-समय पर जागरूकता अभियान संचालित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में मा0 विधायक जेवर धीरेंद्र सिंह ने सुझाव दिया कि सड़क सुरक्षा संबंधी बैठकों में एनएचएआई गाजियाबाद के अधिकारियों को भी उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए, ताकि राष्ट्रीय राजमार्गों से संबंधित समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके। उन्होंने परिवहन विभाग को ट्रैफिक पार्क निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि भूमि उपलब्धता की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके, जिससे बच्चों एवं आम नागरिकों को व्यवहारिक रूप से यातायात नियमों की जानकारी दी जा सके। वहीं एमएलसी श्री चंद शर्मा ने तिलपता क्षेत्र में निर्माणाधीन डिवाइडर के अधूरे कार्य को उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने पर बल दिया।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने मा0 सांसद एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों एवं सुझावों का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कराया जाएगा।
इस अवसर पर मा0 विधायक दादरी तेजपाल नागर, मा0 विधायक जेवर धीरेंद्र सिंह, मा0 विधान परिषद सदस्य मेरठ, सहारनपुर श्रीचंद शर्मा एवं मा0 एम0एल0सी0 नोएडा नरेंद्र भाटी, माननीय प्रशासक जिला पंचायत गौतमबुद्धनगर अमित कुमार, मा0 अध्यक्ष नगर पालिका परिषद गीता पंडित, जिलाधिकारी मेधा रूपम, एसीईओ नोएडा सतीश पाल, एसीईओ ग्रेटर नोएडा सुमित यादव, मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी मदन मोहन मणि त्रिपाठी, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button