दीपावली पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को बड़ी सौगात, 1,500 करोड़ रुपए की सब्सिडी से प्रदेश के 1.89 करोड़ परिवार लाभान्वित
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर 03 नवंबर 2026
दीपावली के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत प्रदेश के पात्र लाभार्थी परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का लाभ प्रदान करने के लिए आज लोक भवन, लखनऊ में मा० मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की अध्यक्षता में राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर 1,500 करोड़ रुपए की धनराशि से प्रदेश के 1.89 करोड़ उज्ज्वला लाभार्थी परिवारों को सब्सिडी का लाभ प्रदान किया गया।
इसी क्रम में जनपद गौतमबुद्धनगर के कलेक्ट्रेट परिसर में जनपद स्तरीय गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लखनऊ में

आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे मुख्य अतिथि प्रशासक, जिला पंचायत अमित कुमार, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, जिला पूर्ति अधिकारी सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं योजना की लाभार्थी महिलाओं ने देखा और सुना।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रशासक, जिला पंचायत अमित कुमार द्वारा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने माताओं एवं बहनों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराकर उनके जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाने के साथ स्वास्थ्य और सम्मान की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। दीपावली के पावन अवसर पर गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का लाभ परिवारों को आर्थिक राहत प्रदान करने की दिशा में सरकार की जनकल्याणकारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
कार्यक्रम में जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल ने योजना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत प्रथम चरण में अक्टूबर 2026 से दिसंबर 2026 तक तथा द्वितीय चरण में जनवरी 2027 से मार्च 2027 तक निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल का लाभ प्रदान किया जाना है।

इसी क्रम में आज जनपद की 94,174 लाभार्थी महिलाओं को प्रति लाभार्थी 639.50 रुपए की सब्सिडी धनराशि के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए। उन्होंने बताया कि 14.2 किलोग्राम के गैस सिलेंडर की कीमत 939.50 रुपए है, जिसमें 639.50 रुपए की सब्सिडी राज्य सरकार तथा 300.00 रुपए की सब्सिडी केंद्र सरकार द्वारा प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल, क्षेत्रीय पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम, आपूर्ति विभाग के निरीक्षकों सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण एवं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाएं उपस्थित रहीं।









