श्रमिक दिवस के अवसर पर जनपद में लगेगा श्रमिकों हेतु विशेष मेगा कैंप, तैयारी में जुटा जिला प्रशासन
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर 25 अप्रैल, 2026
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में श्रमिक दिवस के असर पर आयोजित होने वाले विशेष मेगा कैंप के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के संबंध में सेक्टर, जोनल एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रमिक बाहुल्य क्षेत्रों में व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने, समन्वय स्थापित करने तथा सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि श्रमिक दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले मेगा कैंप कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण करें तथा यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक श्रमिक तक योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ सुचारु रूप से पहुंच सके। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी और सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

इसके उपरांत श्रमिक दिवस के आयोजन के दृष्टिगत मेडिकल व्यवस्थाओं को लेकर भी विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के विभिन्न श्रमिक बाहुल्य क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे श्रमिकों को उनके आवास एवं कार्यस्थल के निकट ही चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
उन्होंने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित किए जा रहे मेडिकल कैंपों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रहे, जिनमें चिकित्सकों की उपलब्धता, आवश्यक दवाएं, जांच सुविधाएं एवं अन्य चिकित्सा संसाधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि श्रमिकों को उनके कार्य से पूर्व अथवा कार्य उपरांत ही स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा मिले, जिससे उन्हें अनावश्यक अवकाश लेने की आवश्यकता न पड़े।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रमिकों को इन स्वास्थ्य शिविरों के प्रति जागरूक भी किया जाए तथा अधिकाधिक संख्या में उनकी सहभागिता सुनिश्चित कराई जाए, ताकि शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र श्रमिकों तक पहुंच सके।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि मेगा कैंप का आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम न होकर श्रमिकों के हितों को सशक्त बनाने का माध्यम है, इसलिए सभी अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉक्टर शिवाकांत द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर नरेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, अपर श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी एवं समस्त सेक्टर, जोनल एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।









