Blog

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में दैनिक श्रमिकों के स्वास्थ्य को लेकर समीक्षा बैठक संपन्न, संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर 17 जून, 2026

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत दैनिक श्रमिकों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं उन्हें गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रमिकों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार व्यवस्था तथा स्वास्थ्य सेवाओं की सुलभ उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु विस्तृत समीक्षा करते हुए प्रभावी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद के विभिन्न निर्माण स्थलों, औद्योगिक इकाइयों एवं अन्य कार्यस्थलों पर कार्यरत दैनिक श्रमिकों का उनके ही आवासीय क्षेत्रों के निकट ही स्वास्थ्य सुविधा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को अपने कार्यस्थल पर जाने से पूर्व अथवा कार्य से वापस लौटने के उपरांत स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वास्थ्य सुविधा, उनके आवासीय क्षेत्रों में सहज, सुलभ एवं व्यवस्थित रूप से उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या का समय रहते पता लगाकर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रमिकों के आवासीय क्षेत्रों के निकट उपयुक्त स्थलों का चिन्हांकन कर स्वास्थ्य जांच शिविर एवं चिकित्सा सहायता केंद्र स्थापित किए जाएं। इन केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग की टीमों की नियमित तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यकतानुसार चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता बनाए रखी जाए, जिससे श्रमिकों को बिना किसी असुविधा के स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि श्रमिक बहुल्य क्षेत्रों का नक्शा तैयार किया जा रहा है जिससे सुनिश्चित किया जा सके कि किन-किन स्थलों पर स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं जिससे दैनिक श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य जांच केंद्रों पर सभी आवश्यक दवाइयों, प्राथमिक उपचार सामग्री एवं अन्य चिकित्सीय संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर श्रमिकों को तत्काल एवं प्रभावी चिकित्सा सहायता प्रदान की जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह एवं सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button