ओमिक्रॉन-2 सेक्टर में दिनदहाड़े मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, लोगों में दहशत
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

ग्रेटर नोएडा। ओमिक्रॉन-2 सेक्टर में दिनदहाड़े चोरों ने एक मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि अज्ञात चोर मकान से 34 हजार रुपये की नकदी के साथ करीब 10 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए।
जानकारी के मुताबिक, परिवार किसी काम से घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने मकान का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर वारदात को अंजाम दिया। परिवार के वापस लौटने पर मकान का ताला टूटा मिला और अलमारी में रखा सामान गायब मिला।
पीड़ित अजय प्रताप सिंह ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी है। पीड़ित ने पुलिस से आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने और जल्द कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, सेक्टर में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में दहशत और नाराजगी है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।









