Blog

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हीट वेव प्रबंधन हेतु जिला स्तरीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर 05 मई, 2026

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हीट वेव के दृष्टिगत जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भीषण गर्मी एवं लू के प्रभाव से जनपदवासियों को सुरक्षित रखने हेतु व्यापक रणनीति तैयार की गई तथा सभी संबंधित विभागों को सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने अवगत कराया कि शासन के निर्देशानुसार जनपद का सिटी हीट एक्शन प्लान तैयार कर लिया गया है, जिसे प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सिटी हीट एक्शन प्लान की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि सभी प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 24 घंटे चिकित्सकों की उपलब्धता, पर्याप्त दवाओं, ओआरएस एवं तरल पदार्थ का स्टॉक सुनिश्चित किया जाए। साथ ही 108 एवं 102 एम्बुलेंस सेवाओं को पूर्ण रूप से सक्रिय रखते हुए सन स्ट्रोक से बचाव हेतु व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। परिवहन विभाग को बस अड्डों पर छाया एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पशुपालन विभाग को मवेशियों के लिए पानी, टीकाकरण एवं छाया की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
वन विभाग को वनीकरण को बढ़ावा देने, अग्निशमन विभाग को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहते हुए सभी संसाधनों को क्रियाशील बनाए रखने तथा शिक्षा विभाग को विद्यालयों में पेयजल, पंखे एवं बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए विद्यार्थियों को हीट वेव से बचाव के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। नगर निकाय एवं पंचायती राज विभाग को सार्वजनिक स्थलों पर शीतल जल, प्याऊ एवं कूलिंग सेंटर संचालित करने तथा विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने अपर श्रमायुक्त आयुक्त को निर्माणाधीन स्थलों पर कार्यरत श्रमिकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी करने के निर्देश देते हुए कहा कि दोपहर के समय कार्य न कराया जाए तथा इस अवधि को विश्राम/भोजन के लिए निर्धारित किया जाए। उन्होंने कार्यस्थलों पर शीतल पेयजल एवं छाया की समुचित व्यवस्था तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा ओआरएस पैकेट वितरण सुनिश्चित कराने को कहा। इसके साथ ही रेड लाइट चौराहों पर दोपहिया वाहन चालकों के लिए छायादार ग्रीन मैट लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि हीट वेव से संबंधित कार्ययोजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्ण तैयारी बनाए रखें एवं सभी संबंधित विभागों द्वारा हीट वेव के संबंध में व्यापक प्रचार प्रसार भी सुनिश्चित कराया जाए।
बैठक में गेल (इंडिया) लिमिटेड द्वारा पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्राकृतिक गैस पाइपलाइन की सुरक्षा के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में संचालित गैस पाइपलाइन नेटवर्क की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा संबंधित सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए पाइपलाइन के आसपास किसी भी प्रकार का अनधिकृत निर्माण, खुदाई या अन्य गतिविधियां प्रतिबंधित रखी जाएं और इस संबंध में आमजन को भी जागरूक किया जाए। जिलाधिकारी ने बैठक में तीनों प्राधिकरणों से किसी एसीईओ के शामिल न होने पर नाराजगी व्यक्त की।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे, डिप्टी सीएमओ डॉ. टीकम सिंह, सहायक अभियंता सिंचाई विभाग प्रमोद कुमार सैनी, सहायक अभियंता आईसीडी सिंचाई विभाग पवन कुमार, सहायक श्रम आयुक्त सुयश पांडे, सहायक निदेशक कारखाना आशीष कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता जल निगम (नगरीय) ललित मोहन, अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग एक्सप्रेसवे वैभव मिश्रा, उपनिदेशक कृषि राजीव कुमार, एनडीआरएफ इंस्पेक्टर राजू यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button