जनपद में शिक्षामित्र सम्मान एवं बढ़ा हुआ मानदेय वितरण समारोह भव्यता के साथ हुआ संपन्न
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर, 05 मई 2026
उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की गरिमामय उपस्थिति में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा गोरखपुर में शिक्षामित्र सम्मान एवं बढ़ा हुआ मानदेय वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद गौतम बुद्ध नगर सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों में बड़े उत्साह के साथ देखा एवं सुना गया।

इसी क्रम में जनपद गौतम बुद्ध नगर में जीएनआईओटी कॉलेज, ग्रेटर नोएडा के ऑडिटोरियम में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां उपस्थित शिक्षामित्रों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा गोरखपुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया। कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री जी के संबोधन, सरकार की नीतियों एवं शिक्षामित्रों के प्रति व्यक्त विचारों को उपस्थित जनसमूह ने गंभीरता से सुना, जिससे सभी में प्रेरणा एवं उत्साह का संचार हुआ।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में माननीय राज्य मंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास विभाग, उत्तर प्रदेश जसवंत सिंह सैनी जी उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथियों के रूप में माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, माननीय विधायक जेवर धीरेंद्र सिंह, माननीय विधायक दादरी तेजपाल नागर, जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा तथा महानगर अध्यक्ष नोएडा महेश चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में जिलाधिकारी मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, उप शिक्षा निदेशक/प्राचार्य डायट अर्चना गुप्ता, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवाॅर एवं बड़ी संख्या में शिक्षामित्र मौजूद रहे

माननीय मंत्री जसवंत सिंह सैनी जी ने अपने संबोधन में मानदेय में वृद्धि हेतु उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का आभार व्यक्त करते हुए मानदेय वृद्धि को लेकर शिक्षामित्रों को बधाई दी। उन्होंने शिक्षामित्रों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सरकार उनके हितों के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा मानदेय में वृद्धि उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी शिक्षामित्रों को बधाई देते हुए उनसे अपेक्षा की कि वे शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने में अपना योगदान निरंतर देते रहें।

तत्पश्चात माननीय मंत्री जी द्वारा शिक्षामित्रों को ₹18,000 मानदेय के प्रतीकात्मक चेक वितरित करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। जनपद में 628 शिक्षामित्र एवं 38 अनुदेशकों को मानदेय वृद्धि का लाभ प्राप्त हुआ। माननीय मंत्री जी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा शिक्षा विभाग द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का विस्तृत एवं गहन अवलोकन किया गया। स्टॉलों पर प्रदर्शित शैक्षिक नवाचार, शिक्षण सामग्री, डिजिटल माध्यमों के उपयोग तथा विभिन्न योजनाओं की जानकारी को बड़ी रुचि के साथ देखा गया।









