माननीय मुख्यमंत्री जी ने जनपद में 201 स्थान पर आयोजित मेगा हेल्थ कैंप का वर्चुअल रूप से किया शुभारंभ
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर, 01 मई 2026
उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के द्वारा श्रमवीर सम्मान समारोह-2026 के अंतर्गत श्रमिक दिवस के अवसर पर श्रमिकों को निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद गौतमबुद्धनगर में मेगा हेल्थ कैंप का वर्चुअल रूप से शुभारंभ किया गया। इस व्यापक जनकल्याणकारी पहल का उद्देश्य श्रमिकों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था, जिसमें जनपद के विभिन्न वर्गों के श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

यह मेगा हेल्थ कैंप प्रातः 9:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक जनपद के कुल 201 स्थानों पर आयोजित किया गया, जिनमें 134 सरकारी अस्पताल, मोबाइल हेल्थ वैन(मुख्यमंत्री आरोग्य रथ) एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर तथा 67 निजी अस्पताल शामिल रहे। निजी क्षेत्र के प्रमुख अस्पतालों—यथार्थ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, मैक्स हॉस्पिटल, मेदांता हॉस्पिटल, फोर्टिस हॉस्पिटल, फेलिक्स हॉस्पिटल एवं शारदा हॉस्पिटल द्वारा सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए इस अभियान को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाया गया।

कैंप के दौरान श्रमिकों को विभिन्न प्रकार की नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं, जिनमें सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ परामर्श, आवश्यक जांचें, औषधियों का निःशुल्क वितरण तथा गंभीर रोगों की पहचान एवं परामर्श शामिल रहे। इसके अतिरिक्त श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, कौशल विकास कार्यक्रमों तथा उनके बच्चों की शिक्षा एवं पोषण से संबंधित सुविधाओं की जानकारी एवं लाभ भी उपलब्ध कराया गया। इस व्यापक आयोजन के माध्यम से बहुतायत की संख्या में श्रमिकों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। श्रमिकों द्वारा इस पहल के लिए माननीय मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार भी व्यक्त किया गया।

इस मेगा हेल्थ कैंप में निजी अस्पतालों व एनजीओ की उल्लेखनीय भागीदारी ने इस अभियान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जो उनकी सामाजिक जिम्मेदारी एवं जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
इस अवसर पर “दादी की रसोई” संस्था द्वारा आयोजित मेडिकल कैंपों में उपस्थित श्रमिकों के लिए निशुल्क भोजन उपलब्ध कराया गया तथा गमछा एवं टोपी भी वितरित की गई। श्रमिकों में स्वास्थ्य एवं सामाजिक विषयों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से संस्था द्वारा नुक्कड़ नाटकों का भी आयोजन किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा इस सफल आयोजन हेतु सभी संबंधित विभागों, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया है। भविष्य में भी इसी प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से श्रमिकों एवं आमजन को बेहतर एवं सुलभ सेवाएं उपलब्ध कराई जाती रहेंगी।








