मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में व्यापार बंधु समिति की बैठक संपन्न
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर 02 सितंबर, 2026
मुख्य विकास अधिकारी गौतमबुद्धनगर भाल चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में व्यापार बंधु समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने व्यापारिक गतिविधियों से जुड़ी समस्याओं और आवश्यकताओं से मुख्य विकास अधिकारी को अवगत कराया।
बैठक में व्यापारिक प्रतिनिधियों ने यातायात व्यवस्था, पार्किंग, अतिक्रमण, साफ-सफाई, जलभराव तथा सड़कों पर गड्ढों सहित विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने संबंधित क्षेत्रों में आवश्यक सुधार कर व्यापारियों एवं आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

मुख्य विकास अधिकारी ने व्यापारिक प्रतिनिधियों द्वारा रखे गए सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और संबंधित प्राधिकरणों एवं विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों से संबंधित समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैठक में उठाए गए प्रत्येक प्रकरण पर समन्वय के साथ कार्रवाई करते हुए निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, ऐसी समस्याओं के समाधान में गुणवत्ता और स्थायित्व का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे जनपद में व्यापारिक गतिविधियों के लिए बेहतर, सुगम और व्यवस्थित वातावरण तैयार हो सके।
बैठक में डिप्टी कमिश्नर प्रशासन राज्य कर विभाग अजीत कुमार सिंह, एसीपी ट्रैफिक पवन कुमार, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।









