अपर जिलाधिकारी प्रशासन की अध्यक्षता में अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न
सुंदरलाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर 07 मई, 2026
अपर जिलाधिकारी प्रशासन की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में शासकीय अधिवक्ताओं के साथ अभियोजन कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जनपद में लंबित महत्वपूर्ण वादों, गंभीर आपराधिक मामलों तथा शासन की प्राथमिकता वाले प्रकरणों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने कहा कि पॉक्सो एक्ट एवं अन्य गंभीर अपराधों से संबंधित मामलों की शासन स्तर पर नियमित समीक्षा की जा रही है। ऐसे में आवश्यक है कि शासकीय अधिवक्ता प्रत्येक प्रकरण में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करते हुए न्यायालय में तथ्यों को मजबूती से प्रस्तुत करें, जिससे पीड़ितों को समयबद्ध न्याय मिल सके तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो।
उन्होंने निर्देशित किया कि सभी महत्वपूर्ण मामलों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा अभियोजन से संबंधित अद्यतन विवरण समय-समय पर उपलब्ध कराया जाए। साथ ही जिन मामलों में न्यायालय द्वारा दोषमुक्ति प्रदान की गई है, उनकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर समय से प्रस्तुत की जाए, ताकि उच्च स्तर पर आवश्यक विधिक निर्णय लिए जा सकें।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने कहा कि अभियोजन कार्यों में बेहतर समन्वय एवं प्रभावी रणनीति अपनाकर अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण शासन के हित में कराया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि संवेदनशील मामलों में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
बैठक में उप जिला अधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनुराग सारस्वत सहित समस्त शासकीय अधिवक्तागण उपस्थित रहे।









