Blog

80वें स्वतंत्रता दिवस पर भारतीय किसान यूनियन मंच ने दादरी में किया हवन-पूजन, गंगाजल अभिषेक एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

दादरी, 14 अगस्त 2026। भारतीय किसान यूनियन मंच के तत्वावधान में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर दादरी स्थित 1857 की प्रथम स्वतंत्रता क्रांति के महानायक राजा राव उमराव सिंह भाटी जी के स्मृति स्थल पर श्रद्धापूर्वक हवन-पूजन एवं गंगाजल अभिषेक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के उपरांत स्मृति स्थल के स्थायी विकास, भव्य प्रतिमा की स्थापना तथा सौंदर्यीकरण की मांग को लेकर माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश श्री योगी आदित्यनाथ जी के नाम उपजिलाधिकारी (एसडीएम) दादरी श्री अभिनेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री विमल त्यागी ने समस्त क्षेत्रवासियों एवं देशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के सभी वीर शहीदों और क्रांतिकारियों को समान रूप से सम्मान मिलना चाहिए तथा सरकार को उनके स्मारकों और प्रतिमाओं के संरक्षण एवं विकास के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

राष्ट्रीय महासचिव मास्टर मनमिंदर भाटी ने कहा कि 1857 की क्रांति में दादरी क्षेत्र के महानायक राजा राव उमराव सिंह भाटी का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा, किंतु आज तक उन्हें वह सम्मान नहीं मिल पाया जिसके वे वास्तविक अधिकारी हैं। उन्होंने मांग की कि नगरपालिका परिसर में पिछले लगभग पाँच वर्षों से रखी राजा राव उमराव सिंह भाटी जी की भव्य प्रतिमा को तत्काल उनके स्मृति स्थल पर स्थापित किया जाए।

प्रदेश प्रभारी विक्रांत भाटी व अजब सिंह भाटी (बढपुरा) ने कहा कि बाबा राव उमराव सिंह भाटी का स्मृति स्थल लंबे समय से जर्जर अवस्था में था, जिसे संगठन के पदाधिकारियों एवं क्षेत्र के लोगों ने मिलकर साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण के माध्यम से पुनः व्यवस्थित करने का कार्य किया है।

जिलाध्यक्ष अक्षय मुखिया व कृष्ण भड़ाना प॰उत्तर प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जनपद गौतमबुद्ध नगर के क्रांतिकारियों और शहीदों को उचित सम्मान नहीं दिया गया, तो भारतीय किसान यूनियन मंच जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

कार्यक्रम में उपस्थित राव कुनाल भाटी, घनेदर भाटी और मनीष भाटी, जो राजा राव उमराव सिंह भाटी जी के वंशज हैं, ने कहा कि अब समय आ गया है कि समाज अपने पूर्वजों के सम्मान के लिए एकजुट होकर संघर्ष करे। उन्होंने सरकार से मांग की कि राजा राव उमराव सिंह भाटी जी को उनके ऐतिहासिक योगदान के अनुरूप सम्मान प्रदान किया जाए।

इस अवसर पर युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष चिकू यादव, अजब सिंह भाटी, सुरेंद्र राणा, अन्नू सरपंच, डॉ. मोहसिन, दानिश खान, गजेंद्र बसौया, आयुष शर्मा, विकास रूपवास, प्रिंस भाटी, विशाल ठाकुर, अभिषेक तोमर, सागर नंबरदार, अंकित गुप्ता दीपक भाटी ,अनुज तौगड,अंकित भाटी ,विपिन,ललित गौतम सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं क्षेत्र के सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Back to top button