स्पेशल ओलम्पिक्स भारत, उत्तर प्रदेश द्वारा प्रमेथियस स्कूल नोएडा में दस दिवसीय राष्ट्रीय कोचिंग कैम्प का उद्घाटन समारोह सम्पन्न
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर 12 मई, 2026
स्पेशल ओलम्पिक्स भारत, उत्तर प्रदेश द्वारा प्रमेथियस स्कूल, सेक्टर-131, नोएडा में 11 मई से 20 मई 2026 तक राष्ट्रीय कोचिंग कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। इस दस दिवसीय राष्ट्रीय कैम्प का उद्घाटन समारोह आज आयोजित किया गया।

इस विशेष आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में गौतम बुद्ध नगर की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्पेशल ओलम्पिक्स भारत की अध्यक्ष डॉ. मल्लिका नड्डा जी द्वारा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मल्लिका नड्डा जी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश के लिए पदक लेकर आएंगे। उन्होंने कहा कि स्पेशल ओलम्पिक्स केवल खेल का मंच नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, समावेशिता एवं समान अवसरों का एक सशक्त अभियान है।

मुख्य अतिथि ने आयोजन की सराहना करते हुए क कि नोएडा में इस प्रकार के प्रेरणादायक आयोजन समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि नोएडा पुलिस भी स्पेशल ओलम्पिक्स के साथ मिलकर सामान्य लोगों में दिव्यांगता के प्रति जागरूकता बढ़ाने, दिव्यांग लोगों के अधिकारों को सुरक्षित करने तथा उनके साथ निरंतर संपर्क एवं संवाद स्थापित करने की योजना बनाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि नोएडा पुलिस एक ऐसा पहला जिला बनने की दिशा में कार्य कर रहा है, जहाँ पुलिस दिव्यांग लोगों के साथ निरंतर संपर्क, संवाद एवं उनके अधिकारों के संरक्षण हेतु सक्रिय भूमिका निभाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन एवं पुलिस विभाग की ओर से हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम के आयोजक एवं स्पेशल ओलम्पिक्स भारत, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष मुकेश शुक्ला ने कहा कि यह आयोजन पूरे भारत की खेल भावना एवं समावेशिता की छवि प्रस्तुत करता है। खिलाड़ियों को उत्कृष्ट सुविधाओं एवं अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है ताकि वे आगामी प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी कर सकें। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि देशभर से आए खिलाड़ी स्वयं को अपने घर जैसा महसूस करें और सर्वोत्तम प्रशिक्षण प्राप्त करें।
प्रमेथियस स्कूल के चेयरमैन मुकेश शर्मा ने कहा कि देशभर से आए खिलाड़ियों ने विद्यालय का सम्मान बढ़ाया है तथा हम सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अधिकारियों का हृदय से स्वागत करते हैं।
इस राष्ट्रीय कोचिंग कैम्प में 15 से अधिक राज्यों से आए 70 से अधिक खिलाड़ी, प्रशिक्षक, कोच एवं अधिकारी भाग ले रहे हैं। कैम्प में चयनित खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविरों एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं, विशेष रूप से स्पेशल ओलम्पिक्स वर्ल्ड गेम्स हेतु तैयारी करेंगे तथा भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए देश के लिए पदक जीतने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, शपथ ग्रहण समारोह एवं विभिन्न प्रेरणादायक प्रस्तुतियों का आयोजन भी किया गया।









