अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व की अध्यक्षता में नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर की समीक्षा बैठक सम्पन्न
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर 12 मई, 2026
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के सभागार में नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी एवं नशे से संबंधित गतिविधियों की रोकथाम के लिए विभिन्न विभागों द्वारा संचालित अभियानों एवं प्रवर्तन कार्रवाइयों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने कहा कि जनपद में अवैध नशे के विरुद्ध अभियान को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए सभी संबंधित विभागों को पूर्ण समन्वय, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि अवैध शराब, मादक पदार्थों एवं अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सघन अभियान चलाते हुए कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में संबंधित अधिकारियों द्वारा विगत माह में की गई प्रवर्तन कार्रवाई, विशेष अभियानों एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों की प्रगति से समिति को विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि आबकारी विभाग द्वारा पुलिस विभाग के सहयोग से जनपद में निरंतर प्रवर्तन अभियान संचालित किए जा रहे हैं। विभिन्न क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने निर्देशित किया कि अप्रैल माह में संचालित जनजागरूकता अभियानों एवं प्रवर्तन कार्रवाइयों की विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र समिति को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में अवैध नशा मुक्ति अभियान को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी स्तर पर संचालित किया जाए, ताकि समाज विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को अवैध नशे के विरुद्ध जागरूक किया जाए तथा नशा मुक्त समाज निर्माण के लिए प्रेरित किया जाए। इसके साथ ही विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के आसपास गुटखा, सिगरेट एवं अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए नियमित निरीक्षण एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
आयोजित बैठक में सहायक आयुक्त राज्य कर विभाग शिखा सिंह, जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की श्वेता खुराना, स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के उप निरीक्षक कन्हैया लाल गुप्ता, पुलिस विभाग के निरीक्षक अरविंद कुमार, डीआरएस विभाग से दीपक सहित आईबी, वन एवं आबकारी विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।









