Blog

श्री बालाजी एनक्लेव में हुआ भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम, हर पौधे की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी तय

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

ग्रेटर नोएडा। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्री बालाजी एनक्लेव के कॉलोनी पार्क में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कॉलोनी के निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

श्री बालाजी आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष ओमवीर एडवोकेट ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान अर्जुन, देशी करंज, बड़, पीपल सहित विभिन्न औषधीय एवं पर्यावरणोपयोगी पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उतना ही आवश्यक है।

कार्यक्रम की विशेष पहल के तहत कॉलोनी निवासियों द्वारा लगाए गए प्रत्येक पौधे के लिए एक संरक्षक नियुक्त किया गया। संबंधित संरक्षक की जिम्मेदारी पौधे को समय-समय पर पानी देने, उसकी सुरक्षा करने तथा उसके समुचित विकास एवं संरक्षण पर निगरानी रखने की होगी। इस पहल से लगाए गए पौधों के जीवित रहने और विकसित होने की संभावना बढ़ेगी।

आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी देखभाल करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कॉलोनी के अन्य निवासियों से भी पर्यावरण संरक्षण के ऐसे अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

कार्यक्रम में आरडब्ल्यूए कार्यकारिणी के सदस्यों के अलावा आदित्य शर्मा, राजकुमार आर्य एडवोकेट, विनोद नागर एडवोकेट, भगवत सिंह भाटी, गजपाल फौजी सहित अनेक कॉलोनी निवासी उपस्थित रहे। सभी ने लगाए गए पौधों को हराभरा बनाने और श्री बालाजी एनक्लेव को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button