जिलाधिकारी ने किया सरस शॉप का शुभारंभ, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के सपनों को मिली नई उड़ान
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर 04 जून, 2026
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत विकास भवन में संचालित सरस शॉप का विगत दिवस जिलाधिकारी द्वारा फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया गया।

शुभारंभ के उपरांत जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों का अवलोकन किया। मसाले, अचार, पापड़, जूट बैग, सैनिटरी पैड, हस्तशिल्प सामग्री, खादी वस्त्र, शहद सहित अन्य उत्पादों की गुणवत्ता और आकर्षक पैकिंग को देखकर उन्होंने महिलाओं की मेहनत, लगन और उद्यमशीलता की सराहना की।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अपने परिश्रम, कौशल और आत्मविश्वास के बल पर आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पाद न केवल उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रहे हैं, बल्कि समाज में उनकी पहचान और सम्मान को भी नई ऊंचाई दे रहे हैं। इस दौरान जिलाधिकारी ने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उत्पादों की खरीदारी भी की तथा उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

जिला विकास अधिकारी ने अवगत कराया की उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित सरस शॉप स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का सशक्त मंच उपलब्ध करा रही है। यह पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में उनके कदमों को मजबूती प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। मिशन के माध्यम से अनेक महिलाएं आज ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं

तथा सरस शॉप जैसे प्रयास उनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराकर आय वृद्धि के नए अवसर सृजित कर रहे हैं। इससे स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं भविष्य में ‘करोड़पति दीदी’ बनने के अपने लक्ष्य को साकार कर सकेंगी।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, परियोजना निदेशक नेहा, अखिलेश प्रजापति (एनआरएलएम), डॉ. सपना आर्य (वेदिका फाउंडेशन) सहित स्वयं सहायता समूहों की सदस्य महिलाएं उपस्थित रहे।









