Blog

दादरी की होनहार दिव्यांग बेटी पलक शर्मा का होगा भव्य सम्मान, जय हो संस्था ने की घोषणा

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

ग्रेटर नोएडा।

दादरी क्षेत्र के उपरालसी गांव निवासी विनोद शर्मा की होनहार एवं दिव्यांग बेटी पलक शर्मा, जो जन्म से ही दोनों हाथों से दिव्यांग हैं, ने अपने अदम्य हौसले और मेहनत के बल पर यूपी बोर्ड कक्षा 12 में 70% अंक हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पलक की इस प्रेरणादायक उपलब्धि को देखते हुए अब उन्हें जल्द ही एक बड़े मंच पर सम्मानित किया जाएगा। इस संबंध में जय हो एक सामाजिक संस्था (ट्रस्ट) ने औपचारिक घोषणा कर दी है। पलक सरदारी देवी बालिका इंटर कॉलेज, वीरपुरा जारचा, दादरी की छात्रा हैं।

पलक शर्मा की सफलता केवल अंकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संघर्ष, साहस और आत्मविश्वास की एक जीवंत मिसाल है। जन्म से ही दोनों हाथों से दिव्यांग होने के बावजूद पलक ने केवल एक हाथ की तीन उंगलियों की मदद से परीक्षा लिखकर यह उपलब्धि हासिल की है, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया है।

संस्था के संस्थापक संयोजक कपिल शर्मा एडवोकेट ने इस अवसर पर कहा कि, “पलक शर्मा जैसी बेटियां समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने यह साबित कर दिया कि यदि हौसले बुलंद हों तो कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती। जय हो एक सामाजिक संस्था इस होनहार बेटी को एक बड़े मंच से सम्मानित कर समाज के सामने एक उदाहरण प्रस्तुत करेगी, ताकि अन्य बेटियां और युवा भी इससे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ें।”

उन्होंने आगे कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सम्मान तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों को पहचान दिलाना और उनके संघर्ष को समाज के सामने लाना भी है।

इस सम्मान समारोह के माध्यम से पलक शर्मा की कहानी समाज के हर वर्ग तक पहुंचेगी और यह संदेश देगी कि कठिन परिस्थितियों में भी सफलता संभव है। दादरी क्षेत्र में इस घोषणा के बाद खुशी और गर्व का माहौल है।

Related Articles

Back to top button