ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से प्रभावित गांवों के संपूर्ण विकास की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन मंच ने सौंपा ज्ञापन
सुंदरलाल शर्मा गौतम बुध नगर

ग्रेटर नोएडा। आज भारतीय किसान यूनियन मंच के पदाधिकारियों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से प्रभावित गांवों में मूलभूत सुविधाएं एवं संपूर्ण विकास कार्य कराने की मांग को लेकर मुख्य कार्यपालक अधिकारी के नाम ज्ञापन एसीओ मैडम लक्ष्मी सिंह एवं डीजीएम विजय रावल को सौंपा। इस दौरान अधिकारियों और संगठन के पदाधिकारियों के बीच गांवों की समस्याओं को लेकर विस्तार से वार्ता हुई, जो सकारात्मक रही।

मास्टर मनमिंदर भाटी, राष्ट्रीय महासचिव, ने बताया कि ग्राम पंचायत चुनाव समाप्त होने के बाद से गांवों में विकास कार्यों की गति धीमी हो गई है। आज अधिकारियों के समक्ष गांवों में सड़क, जल निकासी, बरातघर, पार्क, खेल के मैदान और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी गई। अधिकारियों ने जल्द ही गांवों में विकास कार्य कराने का आश्वासन दिया।

सोनू यादव, प्रदेश संगठन मंत्री, ने कहा कि प्राधिकरण से प्रभावित गांवों में बरातघर, खेल के मैदान, पुस्तकालय और सड़कों की स्थिति संतोषजनक नहीं है। ग्राम सभा की जमीनों को चिह्नित कर उनका उपयोग जनहित के कार्यों के लिए किया जाना चाहिए, ताकि ग्रामीणों को आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।
अक्षय मुखिया, जिलाध्यक्ष, ने तिलपता गांव की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि कंटेनर डिपो के कारण लगातार जाम और जलभराव की स्थिति बनी रहती है। इससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अधिकारियों की ओर से समस्या का समाधान करने और बाईपास की व्यवस्था के संबंध में आश्वासन दिया गया है।
सुनील भाटी, राष्ट्रीय प्रवक्ता, ने कहा कि लगभग 10 से 15 गांवों की जमीन प्राधिकरण की सहमति से अधिग्रहित की गई है। इन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में कॉलोनियां विकसित हो गई हैं, लेकिन जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण गांवों और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। प्राधिकरण को इन समस्याओं का स्थायी समाधान करना चाहिए।
विनोद यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, ने स्पष्ट कहा कि यदि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण गांवों के विकास और मूलभूत सुविधाओं की मांगों पर समय रहते कार्यवाही नहीं करता है, तो भारतीय किसान यूनियन मंच ग्रामीणों के हित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्राधिकरण की होगी।
इस मौके पर एडवोकेट दिनेश भाटी, प्रेम सिंह यादव, वश यादव, सोनू भाटी, अनिल भाटी, सचिन शर्मा रामनिवास यादव,रविंद्र यादव,सागर,रोहित,मोनू,दीपक यादव,जोगिंदर यादव,प्रवेश यादव,मोहित यादव सहित भारतीय किसान यूनियन मंच के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









