Blog

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की मा0 सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला ने की महिला जनसुनवाई

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर 21 नवम्बर, 2026

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला की अध्यक्षता में विगत दिवस सदर तहसील सभागार में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें आयोग के समक्ष रखीं। जनसुनवाई के दौरान पुलिस विभाग से संबंधित कुल 09 प्रकरण प्रस्तुत किए गए, जिनमें पारिवारिक विवाद, घरेलू हिंसा, भरण-पोषण एवं उत्पीड़न जैसे मामले शामिल थे।

जनसुनवाई के दौरान माननीय सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि शेष सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर अनुश्रवण करते हुए उनका समयबद्ध, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ित महिलाओं को शीघ्र न्याय मिल सके।
उन्होंने कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, सहानुभूति और मानवीय दृष्टिकोण अत्यंत आवश्यक है। कई बार महिलाएं सामाजिक एवं पारिवारिक परिस्थितियों के कारण अपनी पीड़ा खुलकर व्यक्त नहीं कर पाती हैं, ऐसे में अधिकारियों का दायित्व है कि वे उन्हें विश्वास में लेकर उनकी समस्याओं का निष्पक्ष एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने पुलिस विभाग, महिला कल्याण विभाग एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालयों में आने वाली प्रत्येक महिला फरियादी के साथ सम्मानजनक एवं सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए।
माननीय सदस्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग का उद्देश्य महिलाओं को न्याय दिलाने के साथ-साथ उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना भी है। आयोग इस दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है ताकि किसी भी महिला को उत्पीड़न या अन्याय का सामना न करना पड़े तथा प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर डीसीपी महिला सुरक्षा सुनीति, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर, एडीसी जितेंद्र मोर्य, महिला थानाध्यक्ष सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button