Blog

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी जयंती पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने महान विभूतियों को अर्पित किए श्रद्धा सुमन

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर 02 अक्टूबर, 2026

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर आज कलेक्ट्रेट सभागार में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। अपर जिलाधिकारीगण, डिप्टी कलेक्टर सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कलेक्ट्रेट स्टाफ ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर महापुरुषों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन-दर्शन, व्यक्तित्व एवं राष्ट्र के प्रति योगदान पर विचार गोष्ठी आयोजित हुई। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने कहा कि महात्मा गांधी जी का सत्य एवं अहिंसा का मार्ग तथा लाल बहादुर शास्त्री जी की सादगी, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा सार्वजनिक जीवन के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों के जीवन से प्राप्त मूल्यों को आत्मसात कर उन्हें अपने आचरण में उतारना ही उनके प्रति सच्चा सम्मान है।
उन्होंने कहा कि महापुरुषों के विचार केवल स्मरण करने तक सीमित न रहें, बल्कि उन्हें अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाए। अधिकारी एवं कर्मचारी स्वयं इन आदर्शों को अपनाने के साथ-साथ अपने परिवार और बच्चों को भी महापुरुषों के जीवन एवं उनके सिद्धांतों के बारे में बताएं। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति अपने घर से कर सकता है और परिवार से ही सत्यनिष्ठा, अनुशासन, स्वच्छता, कर्तव्यबोध एवं सेवा की भावना को विकसित किया जाना चाहिए।

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के स्वच्छता संबंधी विचारों का उल्लेख करते हुए अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने कहा कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत आदत नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। प्रत्येक व्यक्ति अपने घर एवं आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा निर्धारित व्यवस्था के माध्यम से सफाई मित्रों को उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया, ताकि कचरे के उचित निस्तारण एवं प्रसंस्करण की व्यवस्था प्रभावी ढंग से संचालित हो सके। उन्होंने कहा कि स्वच्छता की आदत को नियमित जीवनचर्या का हिस्सा बनाकर ही स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज की दिशा में प्रभावी कदम बढ़ाया जा सकता है।
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के योगदान को स्मरण करते हुए अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने कहा कि उनका सादा जीवन और उच्च आदर्श सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता की मिसाल हैं। ‘जय जवान, जय किसान’ का उनका संदेश देश की सुरक्षा एवं कृषि क्षेत्र के महत्व को रेखांकित करता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना शास्त्री जी के जीवन से मिलने वाली महत्वपूर्ण प्रेरणा है।
गोष्ठी के दौरान अपर जिलाधिकारी (भू0/रा0) अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रियंका, डिप्टी कलेक्टर प्रदीप सिंह, डिप्टी कलेक्टर पूर्वा शर्मा, अरुण कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल, सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश कुमार मिश्रा सहित संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुए महापुरुषों के जीवन, व्यक्तित्व एवं आदर्शों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में संबंधित अधिकारीगण एवं कलेक्ट्रेट स्टाफ उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button