जिलाधिकारी ने जिला कोषागार का किया निरीक्षण, पेंशनरों को उपलब्ध सुविधाओं का लिया जायजा
सुंदरलाल शर्मा गौतम बुध नगर

गौतमबुद्धनगर 30 सितंबर, 2026
जिलाधिकारी द्वारा आज जिला कोषागार का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने पेंशनरों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा पेंशन संबंधी कार्यों की जानकारी प्राप्त की। वरिष्ठ कोषाधिकारी शिखा गुप्ता द्वारा कोषागार की कार्यप्रणाली एवं पेंशनरों की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं के संबंध में जिलाधिकारी को अवगत कराया गया।

जिलाधिकारी ने पेंशनर हेल्प डेस्क एवं पेंशनर लाउंज का अवलोकन करते हुए वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने पेंशनर्स सहायता पटल में एसी, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, पेंशन संबंधी कार्यों के निस्तारण, अभिलेखों के संधारण तथा पेंशनरों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पेंशनरों को सुविधाजनक एवं व्यवस्थित सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने कोषागार के डबल लॉक का अवलोकन कर उसकी सुरक्षा व्यवस्था एवं निर्धारित प्रक्रियाओं की जानकारी ली। साथ ही महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं दस्तावेजों के सुरक्षित रख-रखाव की स्थिति देखी तथा विभिन्न वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने कोषागार परिसर में सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन उपकरणों, अग्नि सुरक्षा, शौचालय, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को भी देखा। इस दौरान पेंशनर सुविधाओं सहित सुरक्षा, अभिलेखों के रख-रखाव, अग्निशमन, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित पाई गईं।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, वरिष्ठ कोषाधिकारी शिखा गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









