Blog

नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत युवा प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर, 07 अगस्त 2026

मेरा युवा भारत (MY Bharat), गौतम बुद्ध नगर द्वारा शुक्रवार को शारदा विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय युवा प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनकी रचनात्मक एवं सकारात्मक ऊर्जा को समाज निर्माण की दिशा में प्रेरित करना था। कार्यक्रम में लगभग 400 युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से नशा मुक्त भारत का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी, गौतम बुद्ध नगर भालचंद्र त्रिपाठी रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. सिबाराम खारा, वाइस चांसलर, डॉ. प्रमोद कुमार, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर, डॉ. शांति नारायणन, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी तथा शिवेन्द्र सिंह, उप निदेशक, मेरा युवा भारत (MY Bharat), गौतम बुद्ध नगर उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी आधारशिला है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। अन्य अतिथियों ने भी युवाओं को सकारात्मक जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशा मुक्ति का संदेश प्रसारित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में वाद-विवाद एवं भाषण (Youth Dialogue for Change) में कार्तिक गुप्ता, स्लोगन लेखन (Words for Change) में सबरीन, चित्रकला (Colours for Change) में दिव्यांशी श्योराण, विषय आधारित नृत्य में विश्वभारती पब्लिक स्कूल, नुक्कड़ नाटक एवं मूक अभिनय में नाट्यक्रांति शारदा विश्वविद्यालय टीम, काव्य प्रस्तुति (Voices for Change) में यश, संगीत एवं रैप में विवेक तथा रील निर्माण एवं लघु फिल्म प्रतियोगिता में प्रतिभा विजेता रहे।
प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा कार्यक्रम के समापन अवसर पर विजेताओं को बधाई देते हुए बताया गया कि सभी विजेता आगामी दिनों में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में जनपद गौतम बुद्ध नगर का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में शारदा विश्वविद्यालय के शिक्षकों, एनएसएस स्वयंसेवकों, मेरा युवा भारत (MY Bharat), गौतम बुद्ध नगर की टीम तथा सभी प्रतिभागियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन नशा मुक्त, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण हेतु सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button