Blog

आज भारतीय किसान यूनियन मंच की कोर कमेटी ने दादरी तहसील के नवनियुक्त उपजिलाधिकारी (एसडीएम) श्री अभिनेंद्र सिंह जी का

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गुलदस्ता एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया तथा क्षेत्र के किसानों की प्रमुख समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।

भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय महासचिव मास्टर मनमिंदर भाटी ने एसडीएम श्री अभिनेंद्र सिंह को बताया कि क्षेत्र के अनेक गांवों की एलएमसी (सरकारी) भूमि का कोई स्पष्ट अभिलेख एवं संरक्षण नहीं है। जिन गांवों में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सहमति के आधार पर भूमि अधिग्रहित की है

वहां बारातघर, खेल मैदान, विद्यालय, ओपन जिम, पार्क तथा वृक्षारोपण जैसी सार्वजनिक सुविधाओं के लिए सरकारी भूमि सुरक्षित होनी चाहिए थी। किंतु अधिकांश गांवों में अवैध कॉलोनियों द्वारा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की कथित मिलीभगत से सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया गया है।

युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष चिकू यादव ने बताया कि सौरखा एवं पर्थला गांवों की सरकारी भूमि पर सौंदर्यीकरण कार्य कराए जाने के संबंध में ज्ञापन भी सौंपा गया।

प्रदेश प्रभारी विक्रांत भाटी ने दादरी तहसील में कार्यरत कुछ भ्रष्ट लेखपालों की जांच कराने की मांग की और कहा कि ऐसे कर्मचारी लगातार किसानों का शोषण कर रहे हैं।

अन्नू सरपंच ने कहा कि किसान लंबे समय से तहसील में ज्ञापन देते आ रहे हैं, लेकिन पूर्व में उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि वर्तमान एसडीएम श्री अभिनेंद्र सिंह प्रतिदिन सुबह से शाम लगभग 7 बजे तक जनसुनवाई कर रहे हैं, जिससे किसानों में यह विश्वास पैदा हुआ है कि अब उनकी समस्याओं का समाधान होगा।

डॉ. मोहसिन ने कटहैड़ा रोड, दादरी स्थित राजकीय इंटर कॉलेज की समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। विद्यालय तक जाने वाली सड़क गड्ढों से भरी एवं अत्यंत जर्जर अवस्था में है। इसके अतिरिक्त विद्यालय में मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) की व्यवस्था भी नियमित नहीं है तथा शिक्षकों की संख्या भी अपर्याप्त है।

इस अवसर पर अजब सिंह भाटी, विकास कलशन, ज्ञानेंद्र यादव, आयुष शर्मा, गोविंद यादव, मनोज प्रधान सहित अन्य किसान एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button