मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक हुई संपन्न
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर 11 जून, 2026
जनपद में भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं बैंक ऋण वितरण से संबंधित लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से आज मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी/परियोजना अधिकारी यूपी नेडा लवेश कुमार सिसोदिया, अग्रणी बैंक प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक के दौरान योजना के अंतर्गत बैंक ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गयी। मुख्य विकास अधिकारी ने पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, केनरा बैंक, इंडियन बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया सहित अन्य संबंधित बैंकों के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि लंबित ऋण प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण करते हुए आगामी तीन दिवस के भीतर सभी 245 लंबित प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों के ऋण आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण करते हुए ऋण वितरण की प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाया जाए, जिससे अधिकाधिक परिवार योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से आम नागरिकों को सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने के साथ-साथ विद्युत व्यय में कमी लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बैठक में सभी बैंक प्रतिनिधियों ने निर्धारित समयावधि के भीतर लंबित प्रकरणों का निस्तारण कर ऋण वितरण प्रक्रिया में तेजी लाने का आश्वासन दिया। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए प्रगति की दैनिक समीक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि शासन की प्राथमिकता वाली इस योजना के लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति की जा सके।
बैठक में उपयुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, जिला लीड बैंक प्रबंधक राजेश कटारिया एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।









