मोहन स्वरूप अस्पताल में नेफ्रोलॉजी ओपीडी की शुरुआत, जल्द शुरू होगी गैस्ट्रो विशेषज्ञ सेवा भी
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

दादरी, 6 अप्रैल 2026। दादरी क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मोहन स्वरूप अस्पताल, दादरी में यशोदा मेडिसिटी के सहयोग से विशेष नेफ्रोलॉजी (किडनी रोग) ओपीडी की शुरुआत कर दी गई है। इस पहल का उद्देश्य मरीजों को महानगरों की बजाय उनके नजदीक ही बेहतर एवं किफायती इलाज उपलब्ध कराना है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार यह ओपीडी प्रत्येक बुधवार सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक संचालित होगी, जहां किडनी से संबंधित रोगों के लिए विशेषज्ञ परामर्श एवं जांच सुविधा उपलब्ध रहेगी।

अस्पताल में वरिष्ठ नेफ्रोलॉजिस्ट एवं किडनी ट्रांसप्लांट विशेषज्ञ डॉ. एल.के. झा अपनी सेवाएं देंगे। उन्हें किडनी रोगों के निदान एवं उपचार में व्यापक अनुभव प्राप्त है। वहीं वरिष्ठ कंसल्टेंट नेफ्रोलॉजी एवं रीनल ट्रांसप्लांट विशेषज्ञ डॉ. प्रणव त्यागी भी मरीजों को अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। अस्पताल प्रशासन के अनुसार क्रॉनिक किडनी डिजीज, डायलिसिस मैनेजमेंट, किडनी स्टोन, उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह से जुड़ी किडनी समस्याओं के मरीजों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

यशोदा मेडिसिटी के मुख्य परिचालन अधिकारी डॉ. सुनील नगर ने बताया कि यह पहल गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से मरीजों को समय पर जांच, सही निदान और प्रभावी उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
इसी बीच मोहन स्वरूप अस्पताल के ट्रस्टी संजय गोयल ने बताया कि अस्पताल लगातार अपनी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार कर रहा है। नेफ्रोलॉजिस्ट ओपीडी शुरू होने के बाद अब जल्द ही अस्पताल में गैस्ट्रो विशेषज्ञ (गैस्ट्रो डॉक्टर) की ओपीडी भी प्रारंभ की जाएगी, ताकि पेट एवं पाचन संबंधी रोगों के मरीजों को भी स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ उपचार मिल सके।
उन्होंने बताया कि मोहन स्वरूप अस्पताल एक ट्रस्ट के अंतर्गत संचालित होता है। इसी कारण अस्पताल का प्रयास रहता है कि जरूरतमंद लोगों को कम से कम खर्च में बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा सके। संजय गोयल ने कहा कि जहां जिले के अन्य बड़े अस्पतालों में नेफ्रोलॉजिस्ट डॉक्टर की फीस सामान्यतः 1500 से 2000 रुपये तक होती है, वहीं मोहन स्वरूप अस्पताल में यशोदा मेडिसिटी के सहयोग से यह ओपीडी मात्र 500 रुपये में उपलब्ध कराई जाएगी। इससे आर्थिक रूप से कमजोर एवं मध्यम वर्गीय परिवारों को काफी राहत मिलेगी।
मोहन स्वरूप अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन कर्नल डॉ पी के धवन ने बताया कि मोहन स्वरूप अस्पताल जिले का संभवतः एकमात्र ऐसा अस्पताल है, जहां सबसे सस्ती दरों पर डायलिसिस सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जहां कई निजी अस्पतालों में डायलिसिस के नाम पर 3000 से 5000 रुपये तक वसूले जाते हैं, वहीं मोहन स्वरूप अस्पताल में डायलिसिस सुविधा मात्र 1500 रुपये से प्रारंभ होती है। इसका लाभ न केवल गौतमबुद्धनगर बल्कि आसपास के जिलों से आने वाले मरीजों को भी मिल रहा है।
अस्पताल प्रबंधन वरुण नागर ने बताया कि अधिक जानकारी एवं अपॉइंटमेंट के लिए मरीज रविंदर तिवारी, यशोदा मेडिसिटी एवं मोहन स्वरूप हॉस्पिटल, दादरी से संपर्क कर सकते हैं।









