आगामी चैत्र नवरात्रि पर्व को दृष्टिगत रखते हुए जनपद का खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग एक्शन में
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतम बुद्ध नगर, 20 मार्च 2026
आगामी चैत्र नवरात्रि पर्व के दृष्टिगत जनपद वासियों को शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारीगण खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु संग्रहित कर रहे हैं।
इसी श्रृंखला में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया

कि आज खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओ पी सिंह व एस.के. पांडेय की टीम द्वारा सेक्टर 40 नोएडा स्थित किचेन फ्रेश ग्रोसरी स्टोर से साबूदाना का 01 नमूना एवं के सी जनरल स्टोर, गली नंबर-2, अगाहपुर सेक्टर-41से 01 नमूना स्पेशल व्रत के लड्डू का लिया गया तथा गुलदाना स्वीट्स, क्लियो स्ट्रीट, सेक्टर-121, नोएडा, गौतमबुद्धनगर से 01 नमूना नमकीन एवं VIP आटा चक्की गली नं-1, गढ़ी चौखंडी, नोएडा, गौतमबुद्धनगर से 01 कुट्टू के आटे का नमूना जांच हेतु संग्रहीत किया गया। इसी प्रकार खाद्य सुरक्षा

अधिकारी अमर बहादुर सरोज एवं रितु सक्सेना की टीम द्वारा सेक्टर-22 चौड़ा नोएडा स्थित शिव स्टोर से कुट्टू आटा का 01 नमूना लिया गया। इस प्रकार कुल 05 नमूनें लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला प्रेषित किये गये हैं। समस्त खाद्य सामग्री विक्रेताओं को सख्त हिदायत दी गई कि किसी प्रकार की खाद्य सामग्री खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत लाइसेंसी/पंजीकृत आपूर्तिकर्ता से खरीदें तथा खरीद बिल अवश्य लिए जाएं और निर्माण तिथि व बैच नंबर आदि देखकर ही खाद्य सामग्री प्राप्त करें, उसके बाद उपभोक्ताओं को विक्रय किया जाये।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने बताया कि आगे भी इसी प्रकार से जिलाधिकारी के निर्देशन में जांच अभियान संचालित करते हुए नमूने संग्रहित करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जनपद वासियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध हो सके।









