
एनटीपीसी दादरी में जागृति समाज द्वारा के.वी. ग्राउंड में आनंद मेला–2026 का 14 मार्च, 2026 को भव्य आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि श्री ए.के. मिश्र, मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख (एनटीपीसी दादरी) द्वारा किया गया।

इस अवसर पर श्री संजय कुमार, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण), श्री जी.सी. त्रिपाठी, महाप्रबंधक (आरएलआई), श्री एन. श्रीनिवास, महाप्रबंधक (यूएफएससी–वित्त कोषागार), श्री सरोज कुमार, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन), श्रीमती अंजलि आनंद, अध्यक्षा (जागृति समाज) सहित विभिन्न विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारीगण, जागृति समाज की सदस्याएँ, कर्मचारीगण तथा बड़ी संख्या में टाउनशिप निवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके पश्चात जागृति समाज की सदस्याओं द्वारा केक काटकर मेले का शुभारंभ किया गया। तत्पश्चात विशिष्ट अतिथियों द्वारा उल्लास और उत्साह के प्रतीक नीले एवं सफेद गुब्बारों को आकाश में छोड़ा गया।
इस वर्ष मेले का आयोजन “पारंपरिक मेला: रंगों की बहार, परंपरा का स्वाद” थीम पर किया गया, जिसमें भारतीय संस्कृति, पारंपरिक व्यंजन, हस्तशिल्प तथा मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से समृद्ध परंपराओं की झलक प्रस्तुत की गई।
मेले के दौरान विशिष्ट अतिथियों द्वारा विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया गया तथा प्रतिभागियों की रचनात्मकता और उत्साह की सराहना की गई। पूरे आयोजन में टाउनशिप निवासियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली, जिससे वातावरण में उत्सव और उमंग का माहौल बना रहा।









