दादरी में शुरू होंगी सुपर-स्पेशियलिटी सेवाएं, शारदा हैल्थसिटी के सहयोग से नवीन हॉस्पिटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में एक बड़ी और महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। नवीन हॉस्पिटल, दादरी में अब अत्याधुनिक सुपर-स्पेशियलिटी चिकित्सा सेवाओं की शुरुआत की जा रही है। इस संबंध में गुरुवार को शारदा केयर–हैल्थसिटी के सहयोग से नवीन हॉस्पिटल परिसर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए नवीन हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक डॉ. नवीन कुमार ने बताया कि अस्पताल में देश के अनुभवी और प्रतिष्ठित विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं शुरू की जा रही हैं। इसका उद्देश्य क्षेत्र के मरीजों को उच्च स्तरीय इलाज स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें इलाज के लिए नोएडा, गाजियाबाद या दिल्ली जैसे बड़े शहरों का रुख न करना पड़े।
डॉ. नवीन कुमार ने जानकारी दी कि अस्पताल में न्यूरोसर्जरी, पल्मोनरी मेडिसिन, स्पाइन सर्जरी, ऑन्कोलॉजी (कैंसर उपचार) और ईएनटी जैसी सुपर-स्पेशियलिटी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इन विभागों में सेवाएं देने वाले विशेषज्ञ डॉक्टरों में
डॉ. निकुंज मित्तल (न्यूरोसर्जन),
डॉ. अभिजीत सिंह (पल्मोनरी मेडिसिन विशेषज्ञ),
डॉ. राहुल कौल (स्पाइन सर्जन),
डॉ. आनंदिया मुखर्जी (ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ)
के साथ अनुभवी ईएनटी विशेषज्ञ शामिल हैं।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार अब दादरी और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को न्यूरोलॉजिकल समस्याओं, फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों, रीढ़ की जटिल सर्जरी, कैंसर उपचार और ईएनटी से संबंधित इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। सभी अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी।
नवीन हॉस्पिटल का मुख्य उद्देश्य किफायती, विश्वसनीय और उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवाएं समय पर उपलब्ध कराना है, जिससे मरीजों और उनके परिवारों पर आर्थिक व मानसिक बोझ कम हो सके।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि सभी विभागों को आधुनिक मशीनों, उन्नत तकनीक और प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।
नवीन हॉस्पिटल अपने “मरीज पहले” के दृष्टिकोण के साथ निरंतर प्रयासरत है कि हर व्यक्ति को समय पर सही, सुरक्षित और भरोसेमंद इलाज उपलब्ध कराया जा सके









