Blog

आगामी 06 एवं 07 सितंबर, 2025 को जनपद में 40 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2025(PET

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतम बुद्ध नगर 02 सितंबर 2025

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की मंशा के अनुरूप जनपद में आगामी 06 एवं 07 सितंबर 2025 को 40 केंद्रों पर होने वाली प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2025(PET) को जनपद में सकुशल शांतिपूर्ण एवं सुचीता के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से डीएम मेधा रूपम ने परीक्षा की तैयारियों को लेकर सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक ऑफिसर तथा केंद्र व्यवस्थापक के साथ आईआईएमटी कॉलेज ग्रेटर नोएडा के ऑडिटोरियम में महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि संबंधित अधिकारीगण अपनी सभी तैयारियां परीक्षा से पूर्व उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के मानकों के अनुरूप सुदृढ़ करने की कार्रवाई सुनिश्चित करें

जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों का बहुत ही अहम योगदान होता है, इसीलिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी गण आपसी सामंजस्य स्थापित करते हुए मानकों के अनुरूप अपनी-अपनी तैयारियों को अंतिम रूप प्रदान करेंगे एवं संबंधित अधिकारीगण समय से अपनी-अपनी ड्यूटी स्थलों पर पहुंचकर अपने दायित्व का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि आयोजित होने वाली परीक्षा में यदि किसी भी अधिकारी की लापरवाही संज्ञान में आती है या कोई भी अधिकारी बिना किसी पूर्व सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित रहता है तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक ऑफिसर तथा केंद्र व्यवस्थापक को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान करते हुए कहा कि उनके द्वारा अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर भ्रमण कर यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि परीक्षा केंद्र पर सभी मूलभूत सुविधाएं एवं सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं, यदि कोई भी मूलभूत सुविधा, सीसीटीवी कैमरा सुचारू रूप से काम नहीं कर रहा हो तो तत्काल उसको सही कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि उनके द्वारा नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए परीक्षा केंद्र के एंट्री गेट पर एंट्री कराते समय इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर विशेष फोकस रखा जाए, कोई भी अभ्यर्थी अपने साथ इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स को परीक्षा केंद्र के अंदर न ले जा पाए, ताकि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की मंशा के अनुरूप आगामी 06 एवं 07 सितंबर 2025 को होने वाली परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकल विहीन संपन्न कराया जा सके।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बैठक में उपस्थित समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक ऑफिसर तथा केंद्र व्यवस्थापकों को आयोग से प्राप्त दिशानिर्देशों का अक्षरशः अनुपालन एवं मानकों के अनुरूप परीक्षा संपन्न कराने का विस्तार पूर्वक जानकारी /प्रशिक्षण उपलब्ध कराया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में डीसीपी प्रवीन रंजन सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक ऑफिसर तथा केंद्र व्यवस्थापक व जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी गण उपस्थित रहे।
सौजन्य से सूचना विभाग गौतम बुद्ध नगर।

Related Articles

Back to top button