Blog

पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में साइबर अपराधों की रोकथाम, त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई तथा वैज्ञानिक एवं तकनीकी आधार पर विवेचना को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की क्षमता संवर्धन (Capacity Building) तथा तकनीकी दक्षता विकसित करने हेतु निरंतर प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

इसी क्रम में आज दिनांक 31.08.2026 को सहायक पुलिस आयुक्त, साइबर श्री विवेक रंजन राय के नेतृत्व में पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में एक दिवसीय साइबर जागरूकता एवं क्षमता संवर्धन (Capacity Building) कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में साइबर क्राइम मुख्यालय, उत्तर प्रदेश द्वारा अनुबंधित प्रख्यात साइबर विशेषज्ञ डॉ. रक्षित टंडन ने थाना साइबर क्राइम, जोनल साइबर सेल, आईटी सेल,कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में तैनात वर्ष 2023 बैच के सभी उपनिरीक्षक तथा कमिश्नरेट के समस्त थानों पर स्थापित साइबर हेल्पडेस्क पर नियुक्त पुलिसकर्मियों को साइबर अपराधों की रोकथाम, जन-जागरूकता, डिजिटल साक्ष्यों के संरक्षण तथा प्रभावी एवं वैज्ञानिक विवेचना से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान पुलिसकर्मियों को साइबर अपराधों की जांच एवं विवेचना में उपयोगी आधुनिक तकनीकी उपकरणों एवं डिजिटल संसाधनों के प्रभावी उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही क्रिप्टोकरेंसी, ब्लॉकचेन तकनीक, CDR (Call Detail Record), IPDR (Internet Protocol Detail Record) सहित विभिन्न तकनीकी विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। साइबर अपराधों के नवीन स्वरूपों, अपराधियों द्वारा अपनाई जा रही आधुनिक कार्यप्रणालियों की पहचान, डिजिटल एवं तकनीकी साक्ष्यों के सुरक्षित संकलन, विश्लेषण तथा न्यायालय में प्रभावी प्रस्तुतीकरण के संबंध में भी प्रतिभागियों को व्यवहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

कार्यशाला के माध्यम से पुलिसकर्मियों को साइबर अपराधों की बदलती चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने, नवीन तकनीकों के समुचित उपयोग तथा शिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं परिणामोन्मुख निस्तारण के लिए आवश्यक कौशल विकसित करने पर विशेष बल दिया गया।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर साइबर अपराधों की रोकथाम एवं उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए अपने पुलिस बल की तकनीकी क्षमता एवं व्यावसायिक दक्षता को निरंतर सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिसकर्मियों को आधुनिक तकनीकों से निरंतर अद्यतन किया जा रहा है, जिससे साइबर अपराधों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के साथ-साथ उनकी वैज्ञानिक, निष्पक्ष एवं प्रभावी विवेचना सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Back to top button