Blog

आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर मा0 जनपद न्यायाधीश ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर 31 अगस्त, 2026

माननीय जनपद न्यायाधीश गौतमबुद्धनगर अतुल श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आज न्यायालय सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुये मा0 जनपद न्यायाधीश ने बताया कि जनपद मुख्यालय स्थित दीवानी न्यायालय तथा समस्त तहसील न्यायालयों में 12 सितम्बर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जायेगा।

राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर दुर्घटना प्रतिकर अधिनियम के वाद, वैवाहिक वाद, भारतीय उत्तराधिकार अधिनियम के वाद, दीवानी वाद, एमवी एक्ट एवं ई-चालान के वाद, आर्बिट्रेशन के वाद, लघु शमनीय वाद, धारा 138 एनआई एक्ट के वाद, विद्युत अधिनियम के वाद, भू-राजस्व के वाद तथा अन्य सुलह योग्य मामलों का निस्तारण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सेवा संबंधी मामले, पेंशन के मामले, श्रम संबंधी मामले तथा प्री-लिटिगेशन स्तर पर बैंक ऋण से संबंधित मामलों को भी आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारित किया जाएगा। वहीं विद्युत एवं बीएसएनएल के टेलीफोन बिल से संबंधित मामलों का भी पक्षकारों की सहमति से निस्तारण कराया जा सकेगा।
बैठक में माननीय जनपद न्यायाधीश ने कहा कि आम नागरिकों को सरल, सहज एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राष्ट्रीय लोक अदालत का नियमित आयोजन किया जा रहा है। अतः सभी विभागीय अधिकारी अपने अपने विभागों से संबंधित वादों का पूर्व चिन्हांकन कर समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करें, जिससे 12 सितम्बर को अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण संभव हो सके और नागरिकों को अधिकतम लाभ प्राप्त हो।
माननीय जनपद न्यायाधीश ने मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गौतमबुद्धनगर अनुराग चंद्र सारस्वत को निर्देशित करते हुए कहा कि उनके अधीन आने वाले सभी विभागों में लंबित वादों की अग्रिम पहचान कर त्वरित निस्तारण की तैयारी तत्काल प्रारंभ की जाए। इसी प्रकार पुलिस विभाग, श्रम विभाग, परिवहन विभाग, विद्युत विभाग,एनपीसीएल, स्वास्थ्य विभाग, बीएसएनएल एवं अन्य सभी संबद्ध विभागों को भी व्यापक स्तर पर तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी अपेक्षा व्यक्त की कि राष्ट्रीय लोक अदालत के लाभ को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार प्रसार अभियान संचालित किया जाए, ताकि अधिकाधिक वादकारी इस अवसर का लाभ उठाकर अपने मामलों का सौहार्दपूर्ण निस्तारण करा सकें।
मा0 जनपद न्यायाधीश ने यह भी बताया कि मामलों के निस्तारण हेतु पक्षकार संबंधित न्यायालय में संपर्क स्थापित कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गौतमबुद्धनगर के ई-मेल dlsa.gbnnoida@gmail.com अथवा मोबाइल नंबर 9716535451 एवं 7678643985 पर संपर्क किया जा सकता है।
बैठक में अपर जिला जज/विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट)/ नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत सोमप्रभा मिश्रा, सचिव (पूर्णकालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवानी रावत, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, प्रभारी जिला विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह सहित प्राधिकरण, पुलिस एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button