एनटीपीसी स्वर्ण जयंती वर्ष पर एनटीपीसी दादरी में सेवानिवृत्त कर्मचारियों हेतु अभिनंदन समारोह का आयोजन
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

एनटीपीसी दादरी के प्रशासनिक भवन स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस ऑडिटोरियम में 23 नवम्बर 2025 को एनटीपीसी के स्वर्णिम 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवानिवृत्त कर्मचारी अभिनंदन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह समारोह उन कर्मयोगियों के प्रति सम्मान ज्ञापित करने का अवसर था,

जिन्होंने शून्य से शुरुआत कर एनटीपीसी को 84 GW क्षमता वाले राष्ट्रनिर्माण के एक सशक्त स्तंभ के रूप में स्थापित किया। श्री गुरदीप सिंह, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (एनटीपीसी लिमिटेड) के दूरदर्शी नेतृत्व में ऐसे कार्यक्रम देशभर के विभिन्न एनटीपीसी स्टेशनों पर आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं उनके परिवारों की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने वातावरण को भावनात्मक और गौरवपूर्ण बना दिया। समारोह में श्री चन्द्रमौलि काशिना, कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख (एनटीपीसी दादरी), श्रीमती के. दुर्गा कुमारी, अध्यक्षा (जागृति समाज), सभी महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

श्री विल्सन अब्राहम, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ने सभी अतिथियों एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों का हार्दिक स्वागत करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात श्री चन्द्रमौलि काशिना ने अपने उद्बोधन में पूर्व कर्मचारियों के अमूल्य योगदान को कृतज्ञतापूर्वक नमन किया और एनटीपीसी की विकास यात्रा में उनकी भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

समारोह का सबसे मनोहारी क्षण वह था जब सुप्रसिद्ध ग़ज़ल गायक सुधीर सहाय एवं उनके तिकड़ी ने अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से मंच को जीवंत कर दिया। उनकी ग़ज़लों ने श्रोताओं के हृदयों को गहराई तक स्पर्श किया और वातावरण में भावनाओं की मधुर धुन बिखेर दी। यह आयोजन केवल अतीत के योगदान के सम्मान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि एनटीपीसी परिवार की एकता, परंपरा और गौरव का स्नेहपूर्ण उत्सव बनकर सभी उपस्थित लोगों के लिए एक अविस्मरणीय स्मृति बन गया।









