Blog

द्वितीय दिवस लगभग 50 स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने किया प्रतिभाग, आपदा से बचाव एवं राहत कार्यों का दिया गया प्रशिक्षण

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर 16 अक्टूबर, 2026

उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, लखनऊ एवं जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर के निर्देशों के क्रम में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गौतमबुद्धनगर द्वारा आपदा जोखिम न्यूनीकरण में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की भूमिका विषय पर आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय दिवस आज आपदा प्रशिक्षण हॉल, कलेक्ट्रेट गौतमबुद्धनगर में

प्रशिक्षण गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी अंकित कुमार सिंह उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के द्वितीय दिवस लगभग 50 स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आपदा प्रबंधन, जोखिम न्यूनीकरण, विभिन्न प्रकार की आपदाओं से बचाव तथा आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी कार्रवाई के लिए सक्षम बनाना है, ताकि वे अपने परिवार एवं समुदाय को जागरूक करने के साथ ही आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), अग्निशमन विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा संबंधित विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रतिभागियों को आपदा के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों, अग्निकांड से सुरक्षा, प्राथमिक चिकित्सा तथा बुनियादी जीवन रक्षक कौशल के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही, आपदा प्रबंधन से संबंधित वीडियो एवं सूचना, शिक्षा और संचार (आईईसी) सामग्री के माध्यम से भी महिलाओं को जागरूक किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को विभिन्न प्रकार की आपदाओं के समय बरती जाने वाली सावधानियों, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया तथा सामुदायिक सहभागिता के महत्व से अवगत कराया गया। मास्टर ट्रेनरों के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई, जिससे वे आपदा की स्थिति में स्वयं सुरक्षित रहने के साथ ही अन्य लोगों की सहायता करने में भी सक्षम हो सकें।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की क्षमता वृद्धि, सामुदायिक स्तर पर आपदा से निपटने की तैयारियों को सुदृढ़ करने तथा आपदा जोखिम न्यूनीकरण में जनसहभागिता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आगामी दिवस में भी प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), अग्निशमन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, मास्टर ट्रेनर अजय पंवार, विजयपाल सिंह एवं श्रीयांश चतुर्वेदी, लेखाकार अभिषेक चौहान सहित अन्य संबंधित कर्मचारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन जिला आपदा विशेषज्ञ ओमकार चतुर्वेदी द्वारा किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button