मिशन शक्ति अभियान (फेज-6.0) के अंतर्गत लगभग 5,000 विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक, साइबर अपराध संबंधी कार्यक्रम का कराया गया सजीव प्रसारण
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में संचालित मिशन शक्ति अभियान (फेज-6.0) के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को प्रोत्साहित करने तथा विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में आज दिनांक 15.10.2026 को पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा श्रीमती सुनिति एवं अपर पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा श्रीमती मनीषा सिंह के पर्यवेक्षण में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कराया गया।
कार्यक्रम में प्रख्यात साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ श्री रक्षित टंडन ने विद्यार्थियों को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों, ऑनलाइन गेमिंग एवं सोशल मीडिया से जुड़े जोखिमों, फिशिंग, ओटीपी एवं बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट, पहचान चोरी, साइबर बुलिंग, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।

उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले नए-नए तरीकों से अवगत कराते हुए डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया तथा साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सावधानियों एवं बचाव उपायों की भी जानकारी दी।
*इस सजीव प्रसारण में पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के लगभग 5,000 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा एवं ऑनलाइन अपराधों से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका उत्तर संबंधित थानों की साइबर हेल्प डेस्क पर नियुक्त प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों द्वारा सरल एवं व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से दिया गया। साथ ही विद्यार्थियों को साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया, डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के उपाय तथा समय पर शिकायत करने के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नम्बर 1930 तथा राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्हें बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी अथवा किसी प्रकार का साइबर अपराध घटित होता है, तो वह बिना विलंब हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क कर अथवा राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराकर समय रहते आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकता है।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, व्यक्तिगत एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने, संदिग्ध लिंक एवं अज्ञात कॉल/मैसेज से सतर्क रहने तथा साइबर अपराध की किसी भी घटना की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। भविष्य में भी मिशन शक्ति अभियान (फेज-6.0) के अंतर्गत ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे अधिक से अधिक नागरिकों, विशेषकर महिलाओं, बालिकाओं एवं विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक एवं सुरक्षित बनाया जा सके।









