नगर पालिका परिषद दादरी में पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत ऋण वितरण एवं लोक कल्याण मेले का आयोजन संपन्न
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर 10 जून, 2026
शहर मिशन प्रबंधक(डूडा विभाग) शीला कुमारी ने बताया कि नगर पालिका परिषद दादरी, गौतमबुद्धनगर में आज प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत लोक कल्याण मेले एवं ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं, ठेला संचालकों एवं छोटे दुकानदारों को बिना गारंटी के आसान ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाना था।

आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लाभार्थियों को योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा उनके आवेदन पत्रों एवं आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया पूर्ण की गई। योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय चरण में ₹10,000 से ₹50,000 तक का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही समय पर ऋण चुकाने वाले लाभार्थियों को ब्याज सब्सिडी एवं कैशबैक का लाभ भी प्रदान किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस अवसर पर नगर पालिका परिषद दादरी की अधिशासी अधिकारी शालिनी गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यापारियों एवं स्ट्रीट वेंडर्स के जीवन स्तर को बेहतर बनाने तथा उनके व्यवसाय को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने लाभार्थियों से योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। डूडा विभाग की ओर से शीला कुमारी (सीएमएम), रवींद्र एवं आकाश द्वारा लाभार्थियों को योजना संबंधी जानकारी एवं आवश्यक सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद से अरुण बंसल, नरेंद्र सिंह राठौड़, तुषार शर्मा एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।









