Blog

बादलपुर फायर स्टेशन को पूरा कराने के लिए जय हो एक सामाजिक संस्था चलाएगी चरणबद्ध जनआंदोलन

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

ग्रेटर नोएडा/दादरी। बादलपुर क्षेत्र में हाल ही में वेयरहाउस में लगी भीषण आग और करोड़ों रुपये के नुकसान की घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में वर्षों से अधूरे पड़े फायर स्टेशन की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। इस गंभीर विषय को लेकर जय हो एक सामाजिक संस्था ने बादलपुर में निर्माणाधीन फायर स्टेशन को पूर्ण कराने हेतु चरणबद्ध जनआंदोलन चलाने की घोषणा की है।

संस्था के संस्थापक संयोजक एडवोकेट कपिल शर्मा ने जारी बयान में कहा कि बहुजन समाज पार्टी सरकार के समय पूरे दादरी क्षेत्र की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बादलपुर में आधुनिक फायर स्टेशन के निर्माण का कार्य प्रारंभ किया गया था, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी यह परियोजना अधूरी पड़ी है। क्षेत्र की बढ़ती आबादी, औद्योगिक इकाइयों, वेयरहाउस और बहुमंजिला इमारतों को देखते हुए यह स्थिति बेहद चिंताजनक है।

उन्होंने कहा कि जय हो एक सामाजिक संस्था इस विषय को जनहित का मुद्दा मानते हुए चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी।

आंदोलन के प्रथम चरण में संस्था निर्माणाधीन फायर स्टेशन परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कर जनता, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस अधूरी परियोजना की ओर आकर्षित करेगी।

द्वितीय चरण में संस्था सोशल मीडिया जनजागरण अभियान चलाएगी, जिसके माध्यम से क्षेत्रवासियों को इस फायर स्टेशन के महत्व और वर्षों से लंबित निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जाएगा।

तृतीय चरण में संस्था के पदाधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौन उपवास रखकर प्रशासनिक अधिकारियों को इस अधूरी परियोजना की याद दिलाएंगे तथा जनहित में शीघ्र कार्रवाई की मांग करेंगे।

चतुर्थ चरण में यदि इसके बावजूद कोई सकारात्मक पहल नहीं होती है तो संस्था क्षेत्र की जनता के साथ सड़क पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से जनआंदोलन करेगी।

एडवोकेट कपिल शर्मा ने बताया कि आंदोलन की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जा रही है। जल्द ही संस्था का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपेगा और फायर स्टेशन निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने की मांग करेगा।

उन्होंने कहा कि किसी बड़े हादसे के बाद चिंता व्यक्त करना पर्याप्त नहीं है। प्रशासन और सरकार को भविष्य की संभावित आपदाओं को ध्यान में रखते हुए पहले से तैयारी करनी चाहिए। बादलपुर फायर स्टेशन केवल एक भवन नहीं, बल्कि लाखों लोगों की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। जय हो एक सामाजिक संस्था इस जनहित के मुद्दे को उसके समाधान तक पूरी मजबूती के साथ उठाती रहेगी।

Related Articles

Back to top button