Blog

मंडलायुक्त मेरठ मंडल/रोल ऑब्जर्वर की अध्यक्षता में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 की प्रगति एवं तैयारियों की समीक्षा

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर 26 नवंबर, 2026

मा० भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप जनपद गौतमबुद्धनगर में संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर)-2027 को प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से मंडलायुक्त मेरठ मंडल/रोल ऑब्जर्वर भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मा0 विधायक दादरी तेजपाल नागर, मा0 एमएलसी विधायक श्रीचन्द्र शर्मा, मा0 जिला अध्यक्ष गौतमबुद्धनगर अभिषेक शर्मा, मा0 जिला अध्यक्ष महानगर महेश चौहान, जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी सहित संबंधित निर्वाचन अधिकारियों एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान मतदाता सूची में नए मतदाताओं के पंजीकरण, प्राप्त दावों एवं आपत्तियों, ऑफलाइन प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन, डुप्लीकेट प्रविष्टियों के सत्यापन तथा आगामी 28 एवं 29 नवंबर को प्रस्तावित विशेष अभियान दिवसों की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई।

मंडलायुक्त ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में सम्मिलित होने का अवसर प्रदान करना है। इसके लिए निर्वाचन से जुड़े अधिकारी केवल निर्धारित लक्ष्यों तक सीमित न रहें, बल्कि व्यापक जनसंपर्क के माध्यम से ऐसे प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंच बनाएं, जिसका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। उन्होंने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विधानसभावार एवं मतदेय स्थलवार बीएलओ की अद्यतन सूची तथा उनके मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने और मतदाताओं की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 का अधिकाधिक प्रचार कराने के निर्देश दिए। साथ ही मतदाता सूची में पाई जाने वाली डुप्लीकेट प्रविष्टियों का नियमानुसार स्थलीय सत्यापन कराते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम अनावश्यक रूप से सूची से विलोपित न हो।
मंडलायुक्त ने बताया कि अर्हता तिथि 01.01.2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के अंतर्गत 17.11.2026 से प्रतिदिन प्राप्त हो रहे दावों एवं आपत्तियों से संबंधित सूचियां जनपद गौतमबुद्धनगर की वेबसाइट https://gbnagar.nic.in/⁠ पर उपलब्ध हैं। इनमें फार्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम सम्मिलित किए जाने से संबंधित सूची फार्म-9, फार्म-7 के माध्यम से अपमार्जित किए गए मतदाताओं की सूची फार्म-10 तथा फार्म-8 के माध्यम से दर्ज प्रविष्टियों में संशोधन एवं शिफ्ट किए गए मतदाताओं से संबंधित सूचियां फार्म-11, 11ए एवं 11बी शामिल हैं। इन सूचियों को वेबसाइट पर District Election Office के टैब में Important Link के अंतर्गत देखा जा सकता है। आयोजित बैठक में समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को इन प्रपत्रों के संबंध में विस्तार से जानकारी भी दी गई। मंडलायुक्त ने यह भी निर्देशित किया कि बीएलओ द्वारा फार्म-6 भरते समय आवेदक का पूर्ण पता अंकित करने के साथ ही प्रत्येक प्रविष्टि की भली-भांति जांच सुनिश्चित की जाए।
बीएलओ के कार्यों की गुणवत्ता एवं अभियान की वास्तविक प्रगति का आकलन करने के लिए मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम प्रपत्र प्राप्त करने वाले बीएलओ को चिह्नित किया जाए। 27 नवंबर को संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सुपरवाइजर स्वयं उनके क्षेत्रों में जाकर कार्यों का स्थलीय सत्यापन करेंगे। इस दौरान निर्धारित घरों में पहुंचकर रैंडम आधार पर जांच की जाए, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि अभियान के अंतर्गत घर-घर संपर्क एवं प्रपत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया प्रभावी ढंग से संचालित हो रही है। विशेष अभियान दिवसों के बाद भी लगभग 100 बीएलओ के कार्यों का सत्यापन कराया जाए। उन्होंने सभी लंबित ऑफलाइन प्रपत्रों को निर्धारित समयसीमा में शत-प्रतिशत डिजिटाइज करने तथा प्रतिदिन सायं 6 बजे तक रिपोर्ट लॉक करने के निर्देश दिए। ईआरओ-नेट पर दर्ज आंकड़ों और बीएलओ से प्राप्त सूचनाओं का नियमित मिलान कर किसी भी अंतर अथवा विसंगति का तत्काल समाधान कराने के भी निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान को जनसहभागिता से जोड़ने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि पंचायत सचिव, पंचायत सहायकों, ग्राम प्रधानों एवं कोटेदारों के माध्यम से गांवों में व्यापक जागरूकता सुनिश्चित की जाए। ग्राम पंचायत स्तर पर उपलब्ध मानव संसाधनों का सहयोग लेकर घर-घर तक मतदाता पंजीकरण का संदेश पहुंचाया जाए। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं तथा अन्य पात्र नागरिकों को फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता बनने से वंचित न रहे। इसी प्रकार शहरी क्षेत्रों में नगर निगम एवं नगर निकाय के कर्मचारियों, सुपरवाइजरों के सहयोग से बहुमंजिला आवासीय परिसरों, सोसायटियों एवं अन्य शहरी क्षेत्रों में संपर्क अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए।
आगामी 28 एवं 29 नवंबर को आयोजित होने वाले विशेष अभियान दिवसों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने मतदान दिवस की व्यवस्था के अनुरूप समर्पित कंट्रोल रूम स्थापित कर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। कंट्रोल रूम के माध्यम से बीएलओ की उपस्थिति, लोकेशन एवं उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रत्येक दो घंटे में समीक्षा की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष अभियान दिवसों पर सभी मतदेय स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रहें तथा ग्राम पंचायत सचिवों, लेखपालों एवं अन्य ग्राम स्तरीय कर्मचारियों के सहयोग से अधिकाधिक पात्र नागरिकों तक पहुंच बनाई जाए। मैदानी स्तर पर कार्यरत कार्मिकों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए उन्हें आवश्यक सहयोग एवं प्रोत्साहन भी प्रदान किया जाए, जिससे अभियान का प्रत्येक चरण निर्धारित समयसीमा में प्रभावी ढंग से पूरा हो सके।
बैठक के दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में अपने सुझाव एवं अपेक्षाएं रखीं। मंडलायुक्त ने उनके सुझावों को गंभीरता से सुना तथा निर्वाचन प्रक्रिया में राजनीतिक दलों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की अपेक्षा की।
जिलाधिकारी/जिला
निर्वाचन अधिकारी ने मंडलायुक्त को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का संबंधित अधिकारियों के माध्यम से प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत सुझावों पर भी आवश्यक कार्यवाही करते हुए अभियान की नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि जनपद में पात्र मतदाताओं का अधिकाधिक पंजीकरण सुनिश्चित हो सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी भू0/अ0 अरूण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका, डिप्टी कलेक्टर/सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह, समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button