Blog

आत्महत्या के लिए टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस व स्थानीय नेता पर लगाए आरोप।

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

ग्रटर नोएडा।दादरी जारचा कोतवाली क्षेत्र के सलारपुर गांव में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक पुलिस और स्थानीय नेता पर गंभीर आरोप लगाते हुए आत्महत्या करने की नीयत से मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने टावर पर चढ़ने से पहले एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी किया, जिसमें उसने पुलिस द्वारा परेशान किए जाने और स्थानीय नेता पर दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं। जानकारी के अनुसार सलारपुर गांव निवासी शिवम अपने परिवार के साथ रहता है।

बताया गया कि युवक दोपहर करीब 12 बजे गांव स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया और ऊपर से शोर मचाते हुए जान देने की धमकी देने लगा। युवक की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर एसीपी प्रशाली गंगवार और प्रभारी निरीक्षक कैलाश नाथ पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने युवक को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया। युवक के करीबी लोगों को भी बुलाया गया, ताकि उसे सुरक्षित नीचे उतारा जा सके, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुआ। स्थिति को गंभीर देखते हुए पुलिस ने एनडीआरएफ टीम को मौके पर बुलाया। किसी अनहोनी से बचने के लिए टावर के आसपास सुरक्षा जाल लगाया गया। पुलिस अधिकारी लगातार युवक से बातचीत कर उसे शांत कराने और सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटे रहे। प्रभारी निरीक्षक कैलाश नाथ ने बताया कि युवक पूर्व में भी एक मामले में जेल जा चुका है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी वह आत्महत्या के प्रयास में टावर पर चढ़ चुका है। पुलिस के अनुसार युवक नशा करने का आदी है और नशे की हालत में अक्सर इस प्रकार के आरोप लगाता रहता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button