UPITS 2026 में दिखा हुनर का जादू, ‘आओ करके सीखें’ थीम ने खींचा दर्शकों का ध्यान
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

26 सितंबर 2026 ग्रेटर नोएडा
उत्तर प्रदेश की कला, कौशल और कारीगरी को वैश्विक मंच देने वाले UP International Trade Show 2026 (UPITS) के दूसरे दिन उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) के पवेलियन में हुनर का अलग ही रंग देखने को मिला। ‘

आओ करके सीखें’ थीम पर सजे पवेलियन में दर्शकों ने केवल कौशल का प्रदर्शन देखा ही नहीं, बल्कि खुद हाथ आजमाकर उसे सीखने का अनुभव भी लिया। इस बार पवेलियन में 16 कौशलों के लाइव प्रदर्शन और इंटरैक्टिव गतिविधियों को शामिल किया गया है।

UPSDM पवेलियन में विभिन्न कौशलों के लाइव डेमो दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। पारंपरिक कारीगरी से लेकर आधुनिक कौशल तक, हर स्टॉल पर कुछ नया सीखने और देखने को मिला। पॉटरी और टेराकोटा स्टॉल पर लोगों ने मिट्टी को आकार देकर सुंदर कलाकृतियां बनाईं। वहीं चिकनकारी स्टॉल पर विजिटर्स ने सूई-धागे से बारीक कारीगरी सीखने की कोशिश की।

खास बात यह रही कि यहां कौशल केवल दिखाया नहीं गया, बल्कि ‘देखिए, समझिए और खुद करके सीखिए’ के अंदाज में लोगों को इससे जोड़ा गया। DIY गतिविधियों ने इस अनुभव को और रोचक बना दिया। बड़ी संख्या में लोगों ने अलग-अलग स्टॉल पर पहुंचकर स्वयं कला और कौशल का अभ्यास किया।

दूसरे दिन ‘स्किल मंच’ भी युवाओं की प्रतिभा का प्रमुख केंद्र बना रहा। किसी ने अपनी गायकी से दर्शकों का मन जीता, तो किसी ने फाइन आर्ट्स में अपनी रचनात्मकता दिखाई। ‘हुनर’ थीम पर युवाओं ने रंगों के जरिए मंच पर अपनी कल्पना को आकार दिया। पहली बार शुरू किए गए इस मंच का उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ कौशल, करियर और रचनात्मकता से जोड़ना है।









